एचटीपीएस ने स्कूली बच्चों के लिए कराया सेमिनार व करियर काउंसिलिंग
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN | 7647981711, 9303948009
सिपेट के सहयोग से दो दिवसीय कार्यक्रम, विषय चयन से लेकर तकनीकी करियर तक मिली दिशा
कोरबा:- छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी अंतर्गत हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा पश्चिम द्वारा कॉर्पोरेट एनवायरनमेंटल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत समीपस्थ गांवों के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और भविष्य निर्माण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। नई परियोजना 2×660 मेगावाट विद्युत संयंत्र क्षेत्र के आसपास के गांवों के स्कूली बच्चों के लिए केंद्रीय पेट्रो रसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान सिपेट के सहयोग से दो दिवसीय सेमिनार एवं करियर काउंसिलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम 15 और 16 जनवरी को विद्युत गृह हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक 02 दर्री में आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम नवागांव कला, छिरहुट, अध्योध्यापुरी, रामनगर और राजीव नगर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। आयोजन मुख्य अभियंता एचके सिंह के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता तकनीकी एवं सहायक सेवाएं एमके गुप्ता के निर्देशन में प्रशिक्षण विभाग द्वारा संपन्न कराया गया।

सिपेट कोरबा के प्रशिक्षकों रजनीश पांडेय, महेश तुडु एवं नीतीश कुमार ने विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं के लिए विषय चयन, स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, लक्ष्य आधारित तैयारी, करियर प्लानिंग और व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रशिक्षकों ने सिपेट की कार्यप्रणाली के साथ-साथ प्लास्टिक उत्पाद निर्माण तकनीक जैसे इंजेक्शन मोल्डिंग, ब्लो मोल्डिंग, मशीनों की कार्यप्रणाली, रखरखाव एवं औद्योगिक उपयोग की भी विस्तार से जानकारी दी।
इसके अलावा कन्वेंशनल मशीनिंग, कंप्यूटर न्यूमेरिक कंट्रोल मशीनिंग और लेजर इंग्रेविंग मशीन की कार्यप्रणाली को भी सरल भाषा में समझाया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक तकनीकी विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका प्रशिक्षकों ने विस्तार से समाधान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्युत गृह स्कूल के शिक्षक डीएस श्रीवास, राकेश किंडो, एचटीपीएस के अधीक्षण अभियंता प्रशिक्षण सुमित सिंह, कार्यपालन अभियंता प्रशिक्षण मनोज मिश्रा तथा नई परियोजना से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह आयोजन विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा और रोजगारोन्मुखी करियर के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






