धान खरीदी में गड़बड़ी पर सख्ती, बिना जीपीएस वाहनों पर एफआईआर के निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली – छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कलेक्टर ने ली धान खरीदी की समीक्षा बैठक, मिलर्स और परिवहन व्यवस्था पर कड़ी नजर
मुंगेली, ACGN :-धान खरीदी और परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव द्वारा कलेक्टर कॉन्क्लेव में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई और प्रक्रिया में पाई गई कमियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वाहन ट्रैकिंग सिस्टम की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा आईसीसीसी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर द्वारा जनरेट किए जाने वाले विभिन्न अलर्ट की श्रेणियों से अधिकारियों को अवगत कराया गया। कलेक्टर ने जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी लेते हुए उन पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले की सभी समितियों को डीसीसीसी से जोड़ा जाए, जिससे धान खरीदी और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

बैठक में यह गंभीर तथ्य सामने आया कि कुछ मामलों में कम क्षमता वाली गाड़ियों में अधिक मात्रा में धान का परिवहन किया जा रहा है तथा बिना ट्रिप अथवा बिना जीपीएस लगी गाड़ियों से धान उठाया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे मामलों में संबंधित मिलर्स के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एआई आधारित वेरिफिकेशन अलर्ट राज्य स्तर से प्राप्त होते हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई अनिवार्य है।
कलेक्टर ने एसडीएम और संबंधित अधिकारियों से अलर्ट पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली और समय सीमा से अधिक समय तक हॉल्ट वाले अलर्ट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही कम क्षमता वाली गाड़ियों में अधिक धान लोड करने अथवा बिना ट्रिप और बिना जीपीएस के परिवहन में संलिप्त वाहनों को नोटिस जारी कर जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा जिले की सभी समितियों और मिलों में फिजिकल वेरिफिकेशन पंजियों और सीसीटीवी कैमरों की जांच के निर्देश दिए गए, ताकि धान खरीदी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर ने साफ कहा कि धान खरीदी और परिवहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, तीनों अनुविभागों के एसडीएम और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































