बांकीमोंगरा के वार्डों में विकास को नई रफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा – छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने कई निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन
कोरबा | ACGN :-नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के विभिन्न वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और क्षेत्र के समग्र विकास के उद्देश्य से सोमवार को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई।



इस दौरान वार्ड क्रमांक 10 स्थित मिडिल स्कूल में 18.32 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 13 कटाईनार-1 में 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण तथा 9.11 लाख रुपये की लागत से पोस्टमार्टम कक्ष निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 16 में प्राइमरी स्कूल घुड़देवा तथा डबरीपारा में 17.65-17.65 लाख रुपये की लागत से नवीन स्कूल भवन निर्माण कार्य किए जाएंगे।



भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने कहा कि नगर का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जिन सड़कों, शैक्षणिक भवनों और सामुदायिक सुविधाओं की मांग लंबे समय से की जा रही थी, उन्हें अब योजनाबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं।



कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष ने वार्डवासियों से संवाद कर उनकी अन्य समस्याएं भी सुनीं और शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। विकास कार्यों की सौगात मिलने पर वार्ड पार्षदों और स्थानीय नागरिकों में उत्साह देखा गया। लोगों का कहना है कि इन कार्यों के पूर्ण होने से आवागमन सुगम होगा और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।


इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की मुख्य अधिकारी ज्योत्सना टोप्पो, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ विकास झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, निर्माण समिति अध्यक्ष श्रवण यादव, पीआईसी मेंबर प्रमोद सोना सहित कई पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






