परमेश्वरी महोत्सव के अंतिम दिन देवांगन समाज की भव्य शोभायात्रा, नम आंखों से दी गई माता को विदाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली | छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सात दिवसीय महोत्सव का भावुक समापन, बाइक रैली और शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
मुंगेली ACGN:- देवांगन समाज मुंगेली द्वारा आयोजित सात दिवसीय माता परमेश्वरी महोत्सव का समापन रविवार को श्रद्धा, भक्ति और भावनाओं से सराबोर वातावरण में हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन वर्ष 2026 की ऐतिहासिक और भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। माता परमेश्वरी को विदाई देते समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो उठीं और पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया।

महोत्सव के अंतिम दिन 11 जनवरी की सुबह देवांगन समाज के युवक-युवतियों द्वारा भव्य बाइक रैली निकाली गई। यह रैली कार्यक्रम स्थल से प्रारंभ होकर माता परमेश्वरी चौक, गोल बाजार, पुराना बस स्टैंड, दाऊपारा, पड़ाव चौक, विनोबा नगर, खर्रीपारा, बायपास, सिंधी कॉलोनी, मल्लाह पारा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। “जय माता परमेश्वरी”, “जय देवांगन”, “जय महाजन” के गगनभेदी जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।

बाइक रैली के पश्चात चंद्रपुर निवासी कथावाचक भूपेंद्र ‘छोटू’ देवांगन द्वारा सहयोगी भरत देवांगन के साथ विधिवत मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कर कथा का समापन किया गया। इसके बाद देवांगन समाज द्वारा वर्ष 2026 की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज की बालिकाओं ने कलश यात्रा निकाली, महिलाओं ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए और बुजुर्गों ने माता परमेश्वरी की सेवा गीतों से वातावरण को भावविभोर कर दिया।

शोभायात्रा में युवाओं ने आतिशबाजी कर उत्साह बढ़ाया और डीजे धुमाल की धुन पर समाजजनों ने जमकर नृत्य किया। शोभायात्रा माता परमेश्वरी चौक से प्रारंभ होकर गोल बाजार, पुराना बस स्टैंड होते हुए नगर के हृदय स्थल पड़ाव चौक से पुनः माता परमेश्वरी चौक पहुंची। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं द्वारा माता का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया तथा भोग-भंडारा प्रसाद का वितरण किया गया।

माता परमेश्वरी को विदाई के समय माहौल अत्यंत भावुक हो गया। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से माता को विदाई दी और अगले वर्ष और भी भव्य आयोजन करने का संकल्प लिया। शोभायात्रा पूरी तरह अनुशासित ढंग से संपन्न हुई, जिसकी व्यवस्थाओं की कमान सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने संभाले रखी। शोभायात्रा के पश्चात माता परमेश्वरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर जिला मुख्यालय स्थित ग्राम रामगढ़ में मूर्ति विसर्जन किया गया। रात्रि में भोग-भंडारा प्रसाद का वितरण हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन समाजजनों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर पूरे परिवार सहित कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर देवांगन समाज के जिलाध्यक्ष आनंद देवांगन (अधिवक्ता) ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगरवासियों तथा समाज के समस्त पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु देवांगन, युवा टीम अध्यक्ष दुर्गेश देवांगन, प्रदेश मीडिया प्रभारी कोमल देवांगन, पार्षद निमेश देवांगन, पार्षद प्रतिनिधि सत्तू देवांगन सहित समाज के अनेक वरिष्ठ, युवा और महिला पदाधिकारियों की उल्लेखनीय भूमिका रही।

कथावाचक भूपेंद्र ‘छोटू’ देवांगन ने अपने प्रवचनों में कहा कि माता की सच्ची भक्ति से शक्ति, संस्कार और आत्मबल की प्राप्ति होती है। उन्होंने देवांगन समाज के इतिहास और सनातन परंपरा पर प्रकाश डालते हुए समाज की उत्पत्ति, कुलदेवी माता परमेश्वरी और वस्त्र निर्माण से जुड़े गौरवशाली अतीत की जानकारी दी। कथा के दौरान वे स्वयं भावुक हो उठे, जिससे श्रद्धालुओं की आंखें भी नम हो गईं।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






