नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , अब जशपुर के बच्चे बनाएंगे सैटेलाइट! जनजातीय अंचल से अंतरिक्ष तक उड़ान की तैयारी – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

अब जशपुर के बच्चे बनाएंगे सैटेलाइट! जनजातीय अंचल से अंतरिक्ष तक उड़ान की तैयारी

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

जशपुर, छत्तीसगढ़

By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ जशपुर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘JOHAR Edu-SAT’ परियोजना का किया शुभारंभ, 50 चयनित विद्यार्थी तैयार कर रहे शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड, अप्रैल 2027 में प्रक्षेपण की तैयारी।

जशपुर ACGN:- अब जशपुर जिले के जनजातीय अंचल के विद्यार्थी भी अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की तैयारी कर रहे हैं। जिले के 50 चयनित विद्यार्थी अपना शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड तैयार कर रहे हैं। इस महत्वाकांक्षी पहल ‘JOHAR Edu-SAT’ परियोजना का शुभारंभ 29 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निज निवास में किया।
जिला प्रशासन जशपुर की इस अभिनव परियोजना को अदाणी फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग और इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड्स (IDYM) फाउंडेशन के तकनीकी मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन, सहयोगी संस्थाओं और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जशपुर जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्र के बच्चों का अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन देने की। JOHAR Edu-SAT जैसी पहल बच्चों की वैज्ञानिक प्रतिभा को नई पहचान देने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि आज का दौर विज्ञान, तकनीक और नवाचार का है। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों का अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ना एक सकारात्मक बदलाव है। यह पहल प्रदेश के अन्य जिलों के बच्चों को भी विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
सैटेलाइट इंजीनियरिंग से लेकर रेडियो संचार तक सीख रहे विद्यार्थी
जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए अंतरिक्ष ज्ञान अभियान, रोबोटिक्स कार्यशाला, रॉकेट्री कार्यशाला, सैटेलाइट प्रशिक्षण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में JOHAR Edu-SAT परियोजना शुरू की गई है। इसके तहत चयनित 50 विद्यार्थी सैटेलाइट इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, कोडिंग, रेडियो संचार और अंतरिक्ष तकनीक की बारीकियां सीख रहे हैं। विद्यार्थियों को इसरो के सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों और अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी मिल रहा है।
परियोजना के तकनीकी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी IDYM फाउंडेशन को दी गई है, जो इसरो में पंजीकृत स्पेस ट्यूटर संस्था है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक एमेच्योर रेडियो सैटेलाइट पेलोड के डिजाइन, निर्माण, परीक्षण और संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अप्रैल 2027 में प्रस्तावित है सैटेलाइट पेलोड का प्रक्षेपण
इस परियोजना के अंतर्गत तैयार किए जा रहे सैटेलाइट पेलोड का प्रक्षेपण इसरो के POEM/SMiLE प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रस्तावित है। इसके लिए अप्रैल 2027 का संभावित समय निर्धारित किया गया है। परियोजना का उद्देश्य विद्यालयों द्वारा भेजे गए संदेशों को अंतरिक्ष के माध्यम से प्रसारित करना है।
इसके लिए जशपुर में UHF ग्राउंड स्टेशन भी स्थापित किया गया है। इसकी मदद से विद्यार्थी सैटेलाइट को ट्रैक करना, अंतरिक्ष से प्राप्त डेटा ग्रहण करना और उसे डिकोड करना सीखेंगे। इससे विद्यार्थियों को अंतरिक्ष संचार की वास्तविक तकनीकी प्रक्रिया समझने का अवसर मिलेगा।
IDYM फाउंडेशन के प्रतिनिधि शिव सिंह भदौरिया ने बताया कि इस परियोजना से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा और आत्मविश्वास बढ़ रहा है। पहले बच्चे अंतरिक्ष और सैटेलाइट के बारे में केवल किताबों और कल्पनाओं के माध्यम से जानते थे, लेकिन अब वे स्वयं तकनीक को समझने और उसके व्यावहारिक उपयोग की दिशा में काम कर रहे हैं। विद्यार्थी यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि सैटेलाइट कैसे काम करता है, अंतरिक्ष में सिग्नल कैसे भेजे जाते हैं और वहां से संदेश तथा डेटा किस तरह प्राप्त होते हैं।
JOHAR Edu-SAT परियोजना की खास बात यह है कि जनजातीय बहुल जशपुर के विद्यार्थी अब केवल अंतरिक्ष विज्ञान का अध्ययन ही नहीं करेंगे, बल्कि वास्तविक अंतरिक्ष मिशन से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं में भी भागीदारी करेंगे। इससे उन्हें वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा।
जशपुर के इन 50 विद्यार्थियों की पहल ने यह उम्मीद जगाई है कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण और जनजातीय अंचलों के बच्चे भी विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। अब सबकी नजर अप्रैल 2027 में प्रस्तावित सैटेलाइट पेलोड के प्रक्षेपण पर रहेगी।


प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now