नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , सरगुजा के खिलाड़ियों को मिलेगी नई पहचान! फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमियां खोलने की घोषणा – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

सरगुजा के खिलाड़ियों को मिलेगी नई पहचान! फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमियां खोलने की घोषणा

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

अंबिकापुर, छत्तीसगढ़

By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संतोष यादव

सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का भव्य समापन, 4.16 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन, 11 खेल विधाओं में दिखाया दमखम

अंबिकापुर, ACGN:- सरगुजा संभाग की खेल प्रतिभाओं को अब आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह में सरगुजा में फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की खेल अकादमियां स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरगुजा की धरती प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से समृद्ध है और ग्रामीण एवं दूरस्थ वनांचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण और जनजातीय अंचलों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त मंच है। संसाधनों की कमी के कारण किसी खिलाड़ी का सपना अधूरा नहीं रहना चाहिए। सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, टीम भावना, संघर्ष और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है। जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प है।


4.16 लाख से अधिक खिलाड़ियों का पंजीयन, बालिकाओं की भागीदारी बढ़ी
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरगुजा ओलंपिक के प्रति खिलाड़ियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। पिछले संस्करण में जहां लगभग साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 4 लाख 16 हजार से अधिक हो गई है। इसमें बालिकाओं की उत्साहजनक भागीदारी विशेष उपलब्धि रही। विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से दूरस्थ गांवों और वनांचलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।


खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए हर साल 100 करोड़ रुपये का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत राज्य के बजट में प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नवा रायपुर और जशपुर में तीरंदाजी अकादमी, बस्तर में आवासीय खेल अकादमी तथा वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट्स योजना के अंतर्गत जिलों में प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग जैसे आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिल रहा है। राज्य खेल अलंकरण के माध्यम से अब तक 1,143 खिलाड़ियों को लाभान्वित किया गया है, जबकि 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर शासकीय सेवा में अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है।


ओलंपिक पदक विजेताओं को मिलेंगे तीन करोड़ रुपये तक
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव ने भारोत्तोलन में रजत पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए 21 लाख रुपये तथा स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने पर क्रमशः 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया गया है।


तीन दिनों तक 11 खेल विधाओं में हुआ रोमांचक मुकाबला
‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के संदेश के साथ आयोजित सरगुजा ओलंपिक में तीन दिनों तक 11 खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और शारीरिक क्षमता का परिचय दिया। समापन समारोह में खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आयोजित सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। इसके जरिए खिलाड़ियों को विकासखंड से लेकर जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
समापन समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
सरगुजा ओलंपिक के समापन के साथ ही क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार और नई अकादमियों की घोषणा ने खिलाड़ियों में नई उम्मीद जगाई है। अब इन घोषणाओं के धरातल पर उतरने से सरगुजा की प्रतिभाओं को बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर मिलने की उम्मीद है।


प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now