सात समंदर पार गूंजा छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति का गौरव, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में NACHA ने मनाया जनजातीय गौरव दिवस
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन में भारतीय दूतावासों एवं सामुदायिक संगठनों के साथ आयोजित हुए कार्यक्रम; भगवान बिरसा मुंडा और शहीद वीर नारायण सिंह सहित जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया गया याद
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू, जनजातीय परंपराओं की पहचान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की गाथा अब देश की सीमाओं से निकलकर सात समंदर पार भी अपनी पहचान बना रही है। अमेरिका से लेकर कनाडा और ब्रिटेन तक छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस 2026 के कार्यक्रमों में नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) ने भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों, उच्चायोग और विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन आयोजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, जनजातीय विरासत और महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। इसका उद्देश्य देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को राष्ट्रीय पहचान देना तथा नई पीढ़ी को उनके गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना है। इसी कड़ी में इस वर्ष 1 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतर्गत देश-विदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ी प्रवासी समुदाय ने भी भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर इन आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

शिकागो में गणेश कर के नेतृत्व में जुटे विभिन्न राज्यों के संगठन
अमेरिका के शिकागो स्थित नेशनल इंडिया हब में भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया। इसमें भारत के अलग-अलग राज्यों के सामुदायिक संगठनों ने एक मंच पर आकर देश की जनजातीय विरासत का उत्सव मनाया। भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने समारोह में स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और भारतीय सांस्कृतिक विरासत में जनजातीय समुदायों के योगदान को रेखांकित किया।
इस आयोजन के सामुदायिक समन्वय और नेतृत्व की जिम्मेदारी भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से NACHA के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर को सौंपी गई थी। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के संगठनों को एक मंच पर लाया गया। इस अवसर पर NACHA के शिकागो चैप्टर अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज की भूमिका और महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह के अद्वितीय योगदान पर प्रकाश डाला।

दीपाली सरावगी का महावाणिज्य दूत ने किया सम्मान
शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा हाल ही में प्रदान किए गए प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026’ के लिए बधाई दी। जनजातीय गौरव दिवस समारोह के मंच पर उनका अभिनंदन एवं सम्मान भी किया गया। दीपाली सरावगी इस सम्मान को प्राप्त करने वाली पहली महिला बताई गई हैं। छत्तीसगढ़ की संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और प्रवासी भारतीय समुदाय को एकजुट करने में उनके योगदान को इस सम्मान का महत्वपूर्ण आधार बताया गया है।
इस अवसर पर दीपाली सरावगी ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश साझा किया। साथ ही छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गणेश कर ने कहा कि वे मूल रूप से बस्तर से हैं और छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति तथा ऐतिहासिक विरासत को करीब से जानते हैं। भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से इतने महत्वपूर्ण आयोजन के सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल छत्तीसगढ़ की संस्कृति का प्रदर्शन करना नहीं था, बल्कि मणिपुर, असम, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न राज्यों के समुदायों को एक मंच पर लाकर सभी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को सामूहिक श्रद्धांजलि देना था।

कनाडा में बिलासपुर के पंकज अग्रवाल ने संभाली जिम्मेदारी
कनाडा के टोरंटो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा NACHA, टीम ओडिशा, OSC, बाजका, टाका, यूपीआईसीए और टीएसएस सहित विभिन्न संगठनों के सहयोग से जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। भारतीय महावाणिज्य दूत महावीर सिंहवी ने दीप प्रज्वलित कर भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने जनजातीय समुदायों के ऐतिहासिक योगदान और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।
इस आयोजन में मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी, NACHA कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष एवं वैश्विक प्रवासी समुदाय के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने महत्वपूर्ण नेतृत्व और समन्वय की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जनजातीय नृत्य, पारंपरिक कला, चित्रकला और वेशभूषा प्रतियोगिताओं के माध्यम से भारत की विविध जनजातीय संस्कृति को प्रस्तुत किया गया। कलाकारों और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।
पंकज अग्रवाल ने कहा कि विदेशों में रहकर अपने प्रदेश के जनजातीय नायकों और उनकी विरासत को प्रस्तुत करना प्रत्येक छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व की बात है। छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति हमारी पहचान है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।

लंदन के नेहरू सेंटर में दिखी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान
ब्रिटेन की राजधानी लंदन के प्रतिष्ठित नेहरू सेंटर में ‘द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें NACHA यूके ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती तथा छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्यप्रदेश के राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय जनजातीय समुदायों के इतिहास, स्वतंत्रता संघर्ष, लोककला और सांस्कृतिक विविधता को प्रमुखता दी गई।
NACHA यूके की ओर से अरविंद साहू, पियाली और अन्य कार्यकारी सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। भारतीय उच्चायोग और सामुदायिक प्रतिनिधियों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय समाज के ऐतिहासिक संघर्ष, सांस्कृतिक परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर विचार साझा किए गए। पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविधता में एकता का संदेश भी दिया गया।

ह्यूस्टन में जनजातीय गौरव दिवस के साथ मनाई छत्तीसगढ़ की स्थापना दिवस की भावना
अमेरिका के टेक्सास राज्य के ह्यूस्टन में भी भारतीय वाणिज्य दूतावास के कार्यक्रम में जनजातीय गौरव दिवस और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की भावना को एक साथ मनाया गया। यहां NACHA के कार्यकारी प्रतिनिधि हिमांशु थवैत और नंदा तिवारी ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय विरासत, लोकसंस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का संदेश साझा किया। इस आयोजन के जरिए विदेश में रह रहे भारतीयों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और प्रदेश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का प्रयास किया गया।

दुनिया तक पहुंचे जनजातीय नायकों की गाथा, NACHA का संकल्प : दीपाली सरावगी
NACHA की वैश्विक अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026 से सम्मानित दीपाली सरावगी ने कहा कि यह सभी छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व और सम्मान का विषय है कि प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधि अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन जैसे देशों में भारतीय दूतावासों और उच्चायोग के साथ मिलकर भारत की जनजातीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस की पहल के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के अनेक जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को राष्ट्रीय सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की धरती है। प्रदेश की पहचान केवल प्राकृतिक संपदा तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर से सरगुजा तक फैली जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विविधता में भी छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान समाई हुई है।
दीपाली सरावगी ने कहा कि NACHA का उद्देश्य दुनिया भर में बसे छत्तीसगढ़वासियों को एकजुट करना और आने वाली पीढ़ियों को अपने प्रदेश के इतिहास, संस्कृति तथा महान नायकों के योगदान से परिचित कराना है। उन्होंने शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन में आयोजन से जुड़े सभी NACHA पदाधिकारियों, भारतीय राजनयिक मिशनों, सहयोगी संगठनों, कलाकारों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया।
अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों की गौरवगाथा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया। विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ी समुदाय की यह भागीदारी प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ दुनिया के सामने छत्तीसगढ़ की पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपील : आपके आसपास की महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को हम तक पहुंचाएं। आपकी आवाज को प्रमुखता से उठाने के लिए संपर्क करें : 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































