मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपा था 440 किलो गांजा, चेकिंग में खुला तस्करी का बड़ा राज!
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जशपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- जशपुर
उड़ीसा से उत्तर प्रदेश जा रहा था नशे का खेप, दो गिरफ्तार, गांजा-ट्रक समेत 2.40 करोड़ की जप्ती
जशपुर ACGN:- नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एक टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गांजा मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। मामले में प्रयागराज उत्तर प्रदेश के रहने वाले दो आरोपियों मो. वसीम उम्र 28 वर्ष और मो. आसिफ उम्र 34 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई।

वाहन में बैठे दोनों व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम मो. वसीम और मो. आसिफ बताया। दोनों ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए। पुलिस ने जब ट्रक में लोड सामान के बारे में पूछा तो दोनों ने मिर्ची की बोरियां होने और उन्हें उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात बताई।

पुलिस टीम को संदेह होने पर मिर्ची की बोरियों की बारीकी से जांच की गई। ऊपर की ओर मिर्ची से भरी बोरियां रखी थीं, लेकिन जब इन्हें हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की गई तो टेप से लिपटे हुए पैकेट मिले। पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया।
पुलिस के मुताबिक गवाहों की मौजूदगी में की गई जांच के दौरान कुल 14 बोरियों में 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 440.63 किलोग्राम बताया गया है। दोनों आरोपियों से गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन पुलिस के अनुसार वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 440.63 किलो गांजा और तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर मिनी ट्रक UP-71-T-6592 को जप्त किया। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये तथा वाहन की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई है। इस तरह कुल जप्ती 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की बताई गई है।

मामले में थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज उत्तर प्रदेश जाने की बात बताई है। हालांकि गांजा वास्तव में किससे खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था, इसका पता लगाने के लिए पुलिस एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है।

पुलिस अब इस पूरे मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
जशपुर पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने तथा तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन जप्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई है।
जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस की कार्रवाई को ऑपरेशन आघात के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस टीम की सतर्कता और बेहतर समन्वय से मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो गांजा पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है और गांजा कहां से खरीदा गया, इसके पीछे कौन लोग हैं तथा इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था, इन सभी बिंदुओं पर विवेचना जारी है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
हमारे द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले तहसील ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किया जा रहे हैं इच्छुक व्यक्ति संपर्क कर सकते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































