एसआईआर पर घमासान तेज! नवीन पटनायक ने मुख्य चुनाव आयुक्त से मांगा इस्तीफा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भुवनेश्वर, ओड़िशा
By ACGN – 7647981711, 9303948009
ओड़िशा ब्यूरो – स्वामी बिजयानंद जी महाराज
चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेदों की खबरों का हवाला देते हुए बीजद अध्यक्ष ने पूरी एसआईआर प्रक्रिया की नए सिरे से गहन समीक्षा की मांग उठाई
भुवनेश्वर ACGN:- बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और ओड़िशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की। साथ ही उन्होंने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पर फिर से विचार करते हुए इसकी गहन समीक्षा किए जाने की मांग उठाई।
विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए नवीन पटनायक ने यह मांग चुनाव आयोग के भीतर मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े फैसलों को लेकर सामने आई मतभेदों की खबरों के संदर्भ में रखी। उन्होंने कहा कि विभिन्न चुनाव आयुक्तों के बीच गंभीर मतभेदों की स्थिति को देखते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए और पूरी एसआईआर प्रक्रिया की नए सिरे से समीक्षा की जानी चाहिए।
नवीन पटनायक ने यह भी कहा कि बीजद शुरुआत से ही एसआईआर प्रक्रिया का विरोध करता रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी इस मुद्दे को ओड़िशा के लोगों के हित से जोड़कर राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में मजबूती से उठाएगी।
एसआईआर को लेकर विवाद के बीच चुनाव आयोग के तीन सदस्यीय ढांचे में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने, नए मतदाताओं के लिए प्रपत्र में बदलाव तथा मतदाता आंकड़ों तक पहुंच जैसे विषयों पर मतभेदों की खबरें सामने आई हैं। इन्हीं खबरों के बाद विपक्षी दलों की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से यह कहा गया है कि आयोग के भीतर अलग-अलग मत या टिप्पणियां संस्थागत विचार-विमर्श का हिस्सा हो सकती हैं और पिछले एक वर्ष के दौरान जारी आदेश पूर्ण आयोग के सर्वसम्मत निर्णयों के आधार पर लिए गए हैं।
ओड़िशा में एसआईआर पहले से ही राजनीतिक बहस का विषय बना हुआ है। बीजद ने इससे पहले दावा किया था कि राज्य में बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची से बाहर हुए हैं, जबकि चुनाव अधिकारियों की ओर से हटाए गए नामों की संख्या इससे अलग बताई गई है। ऐसे में नवीन पटनायक की ताजा मांग के बाद ओड़िशा में मतदाता सूची और एसआईआर को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत हैं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































