एक संकल्प साइबर अपराध के खिलाफ, दूसरा सड़क हादसों के विरुद्ध, मुख्यमंत्री ने दिया सुरक्षित छत्तीसगढ़ का संदेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
सेवा से संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साइबर जागृति सेल्फी ली, सड़क सुरक्षा पोस्टर पर हस्ताक्षर कर सुरक्षित यातायात का संकल्प दोहराया
रायपुर ACGN:- सेवा से संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बुधवार को साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली दो महत्वपूर्ण पहलों में सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने एक ओर छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता सेल्फी लेकर नागरिकों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर सड़क सुरक्षा संकल्प पोस्टर पर हस्ताक्षर कर सुरक्षित यातायात के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट की।
साइबर अपराध के खिलाफ मुख्यमंत्री का जागरूकता संदेश
साइबर जागृति एवं साइबर संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा लगाए गए साइबर जागृति अभियान में जागरूकता सेल्फी ली। इस दौरान उन्होंने लोगों को साइबर अपराधों से सावधान रहने और साइबर अपराध मुक्त एवं सुरक्षित छत्तीसगढ़ बनाने के पुलिस के प्रयासों में सहभागी बनने का संदेश दिया।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें, संदिग्ध एपीके लिंक पर क्लिक न करें और अनजान नंबरों से आने वाली व्हाट्सएप वीडियो कॉल को न उठाएं। एटीएम पिन, आधार नंबर अथवा अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की भी सलाह दी गई है।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने, अपने अकाउंट और सोशल मीडिया के पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहने तथा किसी भी महत्वपूर्ण जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करने की अपील की है। कोई भी ऐप डाउनलोड करते समय उसे केवल Play Store या App Store जैसे आधिकारिक माध्यम से ही डाउनलोड करने की सलाह दी गई है।
साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करने अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है। पुलिस का संदेश है कि थोड़ी सी सावधानी बड़े साइबर नुकसान से बचा सकती है। नागरिक स्वयं जागरूक रहें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
सड़क सुरक्षा संकल्प पर मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर

इसी क्रम में सेवा से संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सड़क सुरक्षा संकल्प पोस्टर पर हस्ताक्षर कर सुरक्षित यातायात के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट की। इस दौरान रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को यातायात जागरूकता के लिए चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों और किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को ट्रैफिक हैकथॉन 2026 के माध्यम से तकनीकी नवाचार और जनभागीदारी के जरिए सड़क सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के प्रयासों से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना की।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करें, सड़क पर स्वयं सुरक्षित चलें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। वाहन चलाते समय सावधानी, अनुशासन और यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित सफर की सबसे बड़ी गारंटी है।
साइबर सुरक्षा हो या सड़क सुरक्षा – सतर्कता, जागरूकता और जिम्मेदारी से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































