तेज आवाज में डीजे बजाया तो पुलिस ने कसा शिकंजा, तीन संचालकों पर कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
निर्धारित ध्वनि सीमा तोड़ी तो वाहन सहित डीजे साउंड सिस्टम जब्त, न्यायालय में होगी पेशी
कोरबा ACGN:- कोरबा जिले में तेज आवाज और निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि में डीजे बजाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में थाना दीपका और बाकीमोंगरा क्षेत्र में निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन कर डीजे बजाने वाले तीन संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान डीजे के साउंड सिस्टम एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों को जब्त किया गया है।
कोरबा पुलिस के अनुसार ध्वनि प्रदूषण और तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। माननीय न्यायालयों के निर्देशों, राष्ट्रीय हरित अधिकरण की गाइडलाइन तथा कोलाहल अधिनियम के प्रावधानों के तहत निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन कराना पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है। इसी क्रम में थाना दीपका क्षेत्र में दो डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक कसईपाली निवासी नवरतन कुमार और धुरेना निवासी रवि कुमार निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाते पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित डीजे उपकरणों को जब्त कर लिया।
इसी तरह थाना बाकीमोंगरा क्षेत्र में कुरैना निवासी भूवन पाल के विरुद्ध भी निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने के मामले में कार्रवाई की गई। यहां भी पुलिस ने डीजे के साउंड सिस्टम एवं अन्य ध्वनि विस्तारक उपकरणों को जब्त किया है।
पुलिस द्वारा संबंधित डीजे संचालकों के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जब्त किए गए डीजे उपकरणों को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

कोरबा पुलिस ने डीजे संचालकों और आयोजन समितियों से स्पष्ट अपील की है कि किसी भी धार्मिक, सामाजिक अथवा अन्य आयोजन के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन कर अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने पर उपकरण जब्त करने के साथ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
तेज आवाज से जहां बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को परेशानी हो सकती है, वहीं विद्यार्थियों, अस्पतालों और शांत क्षेत्रों में भी इसका असर पड़ सकता है। ऐसे में पुलिस ने आयोजकों और डीजे संचालकों से अपील की है कि उत्सव और आयोजन की खुशी के साथ-साथ आम लोगों की शांति और सुविधा का भी ध्यान रखें।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन की शांति और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए नियमों का पालन आवश्यक है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































