नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , विश्वकर्मा जयंती पर ‘आशीर्वाद का दीप’, बीरगांव में 76 प्रतिभाओं का सम्मान – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

विश्वकर्मा जयंती पर ‘आशीर्वाद का दीप’, बीरगांव में 76 प्रतिभाओं का सम्मान

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

रायपुर, छत्तीसगढ़

By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- आनंदी पांडेय रायपुर

किसान-मजदूरों को विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर घर-घर ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने का किया आह्वान

रायपुर ACGN:- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से आज शाम अपने-अपने घरों में प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना के साथ ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और गरीब कल्याण के लिए समर्पित किया है। उनके जन्मदिन से प्रारंभ हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा के भाव को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का अवसर है।
मुख्यमंत्री श्री साय गुरुवार को बीरगांव के बुधवारी बाजार मैदान में आयोजित भगवान विश्वकर्मा पूजा एवं किसान-मजदूर सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 76 प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।


   श्रम और सृजन के सम्मान से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 17 सितंबर का दिन दो महत्वपूर्ण अवसरों के कारण विशेष है। एक ओर भगवान विश्वकर्मा की जयंती है, जिन्हें सृजन, निर्माण और शिल्प का आराध्य माना जाता है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। मुख्यमंत्री के अनुसार भगवान विश्वकर्मा का संदेश कौशल, श्रम और सृजन के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि किसान के परिश्रम से अन्न के भंडार भरते हैं, जबकि श्रमिक के श्रम से सड़क, भवन, कारखाने और विकास की आधारभूत संरचनाएं आकार लेती हैं। खेत से लेकर कारखाने और निर्माण स्थल से लेकर उद्योगों तक किसान, श्रमिक, कारीगर और शिल्पकार प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प इन्हीं श्रमवीरों के सामर्थ्य, कौशल और परिश्रम से साकार होगा।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने माता परमेश्वरी, भगवान विश्वकर्मा और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।


     सेवा और जनकल्याण को शासन का आधार बताया
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब परिवारों के लिए पक्का आवास, घर-घर शौचालय, बिजली, नल से जल और जन-धन खातों के माध्यम से बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने जैसी विभिन्न पहलों के माध्यम से लोगों के जीवन में बदलाव लाने का प्रयास हुआ है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प रखा गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार विकसित भारत का उद्देश्य केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग और अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं अवसरों का लाभ पहुंचाना है। इसी सोच के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार ने भी वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का विजन तैयार किया है।


    श्रमिक परिवारों के लिए शिक्षा और स्वरोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक केवल निर्माण कार्यों के सहभागी नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। इसलिए श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों के लिए जन्म से लेकर बच्चों की शिक्षा, आजीविका और अन्य आवश्यकताओं तक अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत 200 बच्चों को निजी आवासीय विद्यालयों में पढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपना पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रमिक परिवारों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ई-रिक्शा प्रदान कर स्वरोजगार के अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं।
        किसानों की समृद्धि को प्रदेश की समृद्धि से जोड़ा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। किसान समृद्ध होगा तो गांव मजबूत होगा और गांव मजबूत होगा तो पूरा प्रदेश आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार किसानों को दो वर्षों का बकाया धान बोनस भी प्रदान किया गया है। सिंचाई सुविधा के विस्तार के लिए बड़े पैमाने पर सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, ताकि खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचे, उत्पादकता बढ़े और किसानों की आय में वृद्धि हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों और श्रमिकों की मेहनत का सम्मान करना भगवान विश्वकर्मा के प्रति सच्ची श्रद्धा के समान है। विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण तभी संभव है जब अन्नदाता खुशहाल और श्रमवीर परिवार सुरक्षित एवं समृद्ध हों।
महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि माताओं और बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जा रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को शिक्षा, कौशल, स्वरोजगार और आजीविका के अवसरों से जोड़कर दीर्घकालीन रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। स्व-सहायता समूहों सहित विभिन्न माध्यमों से महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
बीरगांव में ढाई साल में लगभग 175 करोड़ के विकास कार्य
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के साथ-साथ शहरों में भी नागरिक सुविधाओं और नगरीय अधोसंरचना को मजबूत करने पर काम कर रही है। सड़क, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों में लगभग 175 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र की अधोसंरचना मजबूत हो रही है और नागरिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। आने वाले समय में भी बीरगांव की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात उन्होंने कही।


    बस्तर में विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने की बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। नियद नेल्ला नार जैसी पहल के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक शासन की योजनाएं और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की बात उन्होंने कही।
उन्होंने बस्तर की प्राकृतिक संपदा, जनजातीय संस्कृति और वनोपज आधारित संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यटन और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था को स्थानीय युवाओं के रोजगार तथा जनजातीय परिवारों की आय वृद्धि से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और अधोसंरचना के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
                     76 प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय ने सामाजिक, सांस्कृतिक, कला, साहित्य, समाजसेवा, खेल और विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 76 प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान सकारात्मक कार्य, सृजनशीलता और उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देने का माध्यम भी है।
             ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने का आह्वान
कार्यक्रम को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा तथा रोजगार एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने भी संबोधित किया। उन्होंने भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर प्रदेशवासियों से अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम से पूर्व माता परमेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर प्रदेश के श्रमिकों, कारीगरों, शिल्पकारों, तकनीशियनों और निर्माण कार्यों से जुड़े कर्मयोगियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू, धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, किसान, श्रमिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार, जनहित के मुद्दे, जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ व अन्य कार्यक्रमों के विज्ञापन, संस्था–संगठन के विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7647981711, 9303948009।
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ के लिए सभी जिलों, राज्यों एवं ब्लॉक स्तर पर प्रतिनिधियों की नियुक्ति की जा रही है।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now