मोबाइल लूट का बड़ा खेल बेनकाब, तीन राज्यों तक फैला नेटवर्क
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
कबीर नगर पुलिस की कार्रवाई में 5 आरोपी गिरफ्तार, करीब 100 मोबाइल लूट-चोरी की घटनाओं का खुलासा; 14 मोबाइल और 2 लैपटॉप बरामद
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर में मोबाइल लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर उन्हें दूसरे राज्यों में खपाने वाले एक अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का कबीर नगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक इस नेटवर्क की कड़ियां रायपुर से ओडिशा और राजस्थान तक जुड़ी थीं। कार्रवाई में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और अब तक करीब 100 मोबाइल चोरी एवं लूट की घटनाओं का खुलासा होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन श्री रॉबिन्सन गुड़िया (भापुसे) के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में मोबाइल लूट एवं चोरी में संलिप्त संगठित गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान कबीर नगर पुलिस को यह सफलता मिली।
सीसीटीवी के एक फ्रेम ने खोली गिरोह की पहली कड़ी
पुलिस के अनुसार घटनाओं की जांच के दौरान घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला गया। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध चेहरा दिखाई दिया, जिसकी पहचान शहजाद अली उर्फ भिंडी के रूप में हुई। वह रावाभाटा, थाना खमतराई, रायपुर का निवासी है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसके पूर्व में मोबाइल लूट के मामले में जेल जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार शहजाद से पूछताछ के बाद जांच आगे बढ़ी और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पुलिस पहुंची।
रायपुर से ओडिशा तक पहुंचते थे चोरी के मोबाइल
शहजाद अली की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कथित साथियों कृष दीप और गौरव मझखंड को कैलाशपुरी एवं भाटागांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि रायपुर में लूटे और चोरी किए गए मोबाइलों को यहीं खपाने के बजाय दूसरे राज्य तक पहुंचाया जाता था।
पुलिस के मुताबिक इन मोबाइलों को बस एवं अन्य माध्यमों से ओडिशा के राजखरीयार स्थित ग्राम तुकला निवासी भोदेव मेहर तक पहुंचाया जाता था। वहां मोबाइलों की पहचान बदलने और उन्हें दोबारा बाजार में बेचने की व्यवस्था की जाती थी।
मोबाइल का लॉक खोलने से लेकर पहचान बदलने तक का खेल
पुलिस के अनुसार भोदेव मेहर तुकला, राजखरीयार, ओडिशा में मोबाइल दुकान की आड़ में चोरी और लूट के मोबाइलों पर GSM Rex.com सॉफ्टवेयर के Unlock Tool का इस्तेमाल करता था। लॉक खुलने के बाद इन मोबाइलों को सेकंड हैंड फोन के रूप में ग्राहकों को बेचने की बात सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि जिन मोबाइलों का लॉक सॉफ्टवेयर के जरिए नहीं खुल पाता था, उनमें विशेष रूप से आईफोन और सैमसंग के कुछ मॉडलों में स्क्रैप से मंगाए गए स्पेयर मदरबोर्ड लगाए जाते थे। इससे मोबाइल की मूल पहचान बदलने की कोशिश की जाती थी।
ओडिशा से राजस्थान तक जुड़ी थी अगली कड़ी
जांच के दौरान पुलिस को नेटवर्क की एक और कड़ी राजस्थान के कोटा तक मिली। पुलिस के मुताबिक ओडिशा में जिन मोबाइलों का लॉक नहीं खोला जा पाता था, उन्हें कोटा निवासी आकाश परेटा तक भेजा जाता था। पुलिस ने उसे सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में अपनी पहचान बताने वाला व्यक्ति बताया है।
पुलिस के अनुसार आकाश परेटा ऐसे मोबाइलों का लॉक खोलकर उन्हें बाजार में बेचने में मदद करता था। इस तरह चोरी या लूट के बाद मोबाइल अलग-अलग हाथों से गुजरते हुए रायपुर से ओडिशा और फिर राजस्थान तक पहुंचते थे।
लुटेरे से लेकर अंतिम खरीदार तक पहुंची जांच
कबीर नगर थाना पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण के साथ फील्ड स्तर पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक जांच केवल मोबाइल लूटने वाले आरोपियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि चोरी के मोबाइलों की पूरी श्रृंखला को ट्रेस करने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने लूट और चोरी से लेकर मोबाइलों की ढुलाई, लॉक खोलने, मदरबोर्ड बदलने और अंतिम बिक्री तक की कड़ियों को जोड़ते हुए रायपुर, ओडिशा और राजस्थान से आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि इसी जांच के दौरान करीब 100 मोबाइल चोरी एवं लूट की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
14 मोबाइल और 2 लैपटॉप जप्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही से अब तक 14 नग मोबाइल फोन और 2 नग लैपटॉप जप्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार पूछताछ और विवेचना के दौरान अन्य घटनाओं एवं नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में भी जानकारी सामने आने की संभावना है।

पांच आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में शहजाद अली उर्फ भिंडी, पिता मुस्ताक अली, उम्र 32 वर्ष, निवासी रावाभाटा, थाना खमतराई, रायपुर; गौरव मझखंड, पिता दिनेश चंद्र मझखंड, उम्र 26 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, भाटागांव, रायपुर; कृष दीप, पिता स्व. जगन्नाथ दीप, उम्र 20 वर्ष, निवासी वीर भद्रा नगर, रायपुर; भोदेव मेहर, पिता चंद्रमणि मेहर, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम तुकला, पोस्ट तुकला, राजखरीयार, ओडिशा तथा आकाश परेटा, पिता महावीर परेटा, उम्र 27 वर्ष, निवासी कोनी मोहल्ला, अनंतपुरा, कोटा, राजस्थान शामिल हैं।
संयुक्त टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई थाना कबीर नगर एवं साइबर की संयुक्त टीम द्वारा की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी कबीर नगर गगन बाजपेयी, निरीक्षक चेतन चंद्राकर, उनि. लोकेश्वर सदावर्ति, सउनि. राजेंद्र पांडे, प्रधान आरक्षक अलोप राठौर, संजय सिंह तथा आरक्षक दीपक सिंह ठाकुर, मोहसिन खान, आशीष शुक्ला, शिवम द्विवेदी एवं अभिषेक सिंह का विशेष योगदान रहा।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर वेस्ट जोन के अनुसार मोबाइल लूट एवं चोरी में संलिप्त आरोपियों तथा उनके अंतर्राज्यीय नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस के सामने इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित मामलों और लोगों की जानकारी जुटाने की चुनौती भी बनी हुई है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार, जनहित के मुद्दे, जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ व अन्य कार्यक्रमों के विज्ञापन, संस्था–संगठन के विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7647981711, 9303948009।
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ के लिए सभी जिलों, राज्यों एवं ब्लॉक स्तर पर प्रतिनिधियों की नियुक्ति की जा रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































