काम में लापरवाही,सड़क-पुल अधूरे छोड़ना पड़ा भारी, 6 ठेकेदार ब्लैकलिस्टेड
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बस्तर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :-
उप-शीर्षक :- बस्तर में निर्माण कार्यों की धीमी गति पर लोक निर्माण विभाग सख्त, दो ठेकेदारों के पंजीयन निरस्त और अन्य पर नवीनीकरण रोक
बस्तर ACGN:- बस्तर संभाग में सड़क और पुल निर्माण कार्यों को समय पर पूरा नहीं करने और बेहद धीमी प्रगति को लेकर लोक निर्माण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने अनुबंध के अनुरूप काम नहीं करने वाले छह ठेकेदारों के खिलाफ पंजीयन के अ-नवीनीकरण की कार्रवाई की है। इनमें दो ठेकेदारों के पंजीयन निरस्त भी किए गए हैं।
नोटिस और शपथ पत्र के बाद भी नहीं सुधरा काम
लोक निर्माण विभाग के अनुसार संबंधित ठेकेदारों को कार्य में तेजी लाने और निर्माण पूरा करने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे। अनुबंध अवधि बढ़ाए जाने और ठेकेदारों द्वारा कार्य पूरा करने के संबंध में शपथ पत्र दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं आई। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई का निर्णय लिया।
राज्य शासन ने बस्तर में निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाओं की धीमी गति की समीक्षा के बाद कार्यों में रुचि नहीं लेने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई की है। इन कार्रवाईयों के संबंध में राज्य शासन द्वारा बिलासपुर उच्च न्यायालय में कैविएट भी दायर की गई है।
छह ठेकेदारों पर गिरी कार्रवाई की गाज
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय द्वारा ठेकेदार के. मोहन रेड्डी, मेसर्स शांति विजय कन्सट्रक्शन, मेसर्स ट्रांसाफ्ट इंफ्रा., मेसर्स राघवा कन्सट्रक्शन, मेसर्स बालाजी इन्फ्रास्ट्रक्चर और मेसर्स पंकज हालदार के पंजीयन के अ-नवीनीकरण के आदेश जारी किए गए हैं।
विभाग ने सार्वजनिक आवागमन और जनसुविधा से जुड़े निर्माण कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार के. मोहन रेड्डी और मेसर्स ट्रांसाफ्ट इंफ्रा. के पंजीयन निरस्त करने की भी कार्रवाई की है।
सुकमा में सड़क निर्माण पर पांच साल की रोक
सुकमा जिले में चिंतलनार-मरियागुड़म और कोंटा-गोलापल्ली मार्ग का निर्माण कर रहे मेसर्स राघवा कन्सट्रक्शन के पंजीयन का आगामी पांच वर्षों तक अ-नवीनीकरण किया गया है। वहीं नारायणपुर जिले में नारायणपुर-सोनपुर-मरोड़ा मार्ग का निर्माण कर रहे मेसर्स शांति विजय कन्सट्रक्शन के पंजीयन नवीनीकरण पर भी पांच वर्षों तक रोक लगाई गई है।
दो ठेकेदारों के पंजीयन निरस्त
चिंतलनार-मरियागुड़म मार्ग का काम कर रहे मेसर्स ट्रांसाफ्ट इंफ्रा. का पंजीयन निरस्त करते हुए आदेश की तारीख से आगामी पांच वर्षों तक नवीनीकरण नहीं करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसी तरह सुकमा जिले के भेज्जी-चिंतागुफा मार्ग और चिंतलनार-मरियागुड़म सड़क का निर्माण कर रहे ठेकेदार के. मोहन रेड्डी का पंजीयन भी निरस्त किया गया है और पांच वर्षों तक नवीनीकरण पर रोक रहेगी।
किसी पर दो साल तो किसी पर पांच साल की रोक
कोंटा-गोलापल्ली मार्ग का काम कर रहे मेसर्स बालाजी इन्फ्रास्ट्रक्चर के पंजीयन का आगामी दो वर्षों तक अ-नवीनीकरण किया गया है। वहीं नारायणपुर-सोनपुर-मरोड़ा मार्ग पर पुल-पुलिया निर्माण कर रहे मेसर्स पंकज हालदार के पंजीयन के नवीनीकरण पर आगामी पांच वर्षों तक रोक लगाई गई है।
लोक निर्माण विभाग की इस कार्रवाई से यह संकेत गया है कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में अनुबंध की शर्तों का पालन और समय पर काम पूरा करना अनिवार्य है। विभाग ने निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब और लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































