चोरी की एक्टिवा से मोबाइल झपटमारी, आरोपी सहित बालक गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
सरस्वती नगर पुलिस और एंटी क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई, पांच मोबाइल और चोरी की एक्टिवा बरामद
रायपुर ACGN:- पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के पश्चिम जोन में वाहन चोरी और मोबाइल झपटमारी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक सहित कुल दो लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से झपटमारी के पांच मोबाइल फोन और चोरी की एक्टिवा बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई पश्चिम जोन के पुलिस उपायुक्त रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा आजाद चौक के सहायक पुलिस आयुक्त ईशू अग्रवाल के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार सरस्वती नगर क्षेत्र में 19 अगस्त 2026 की सुबह मोबाइल झपटमारी की दो घटनाएं सामने आई थीं। कोटा निवासी उन्नति ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सुबह दिशा कॉलेज रोड पर टहल रही थीं। इसी दौरान रेयांश किचन के सामने धूसर रंग की एक्टिवा पर सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इस मामले में थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 177/26 के तहत धारा 304(2) बीएनएस का मामला दर्ज किया गया।
इसी तरह चौबे कॉलोनी नॉर्थ एवेन्यू रोड निवासी युवराज मेहर ने भी कॉलेज जाते समय इसी क्षेत्र में इसी तरीके से मोबाइल छीने जाने की शिकायत दर्ज कराई। मामले में अपराध क्रमांक 178/26 के तहत धारा 304(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इन घटनाओं में जिस एक्टिवा का इस्तेमाल किया गया था, वह चोरी की थी। एक्टिवा क्रमांक सीजी 04 केएस 6757 को 21 जुलाई 2026 को मेडिकल कॉलेज पार्किंग से चोरी किया गया था। इस संबंध में थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 132/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस का मामला दर्ज था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ प्रार्थियों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के तकनीकी विश्लेषण से यह सामने आया कि चोरी की गई एक्टिवा का इस्तेमाल मोबाइल झपटमारी की घटनाओं में किया गया था। इसके बाद मुखबिर तंत्र और तकनीकी जानकारी के आधार पर संदिग्धों की लगातार तलाश की गई।
इसी दौरान पुलिस टीम ने एम.जी. रोड क्षेत्र में चोरी की एक्टिवा पर सवार दो युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में एक ने अपना नाम वरुण साहू, उम्र 23 वर्ष, निवासी रामनगर, त्रिमूर्ति चौक, कबीर मेडिकल के पास, थाना गुढ़ियारी, रायपुर बताया, जबकि दूसरा विधि के साथ संघर्षरत बालक पाया गया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने एक्टिवा चोरी करने तथा उसी वाहन का इस्तेमाल कर सरस्वती नगर क्षेत्र में दो मोबाइल झपटमारी सहित तीन अन्य मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पांच मोबाइल फोन और चोरी की एक्टिवा बरामद की गई। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये है। अन्य तीन मोबाइल फोन के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
पुलिस ने आरोपी वरुण साहू को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है, जबकि विधि के साथ संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी और मोबाइल झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































