विकसित भारत के निर्माण में युवा वैज्ञानिकों की भूमिका अहम : उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भुवनेश्वर, ओडिशा
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- स्वामी बिजयानंद जी महाराज
नाइजर के 15वें दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
भुवनेश्वर ACGN:- जटनी स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (नाइजर) के 15वें दीक्षांत समारोह का आयोजन गुरुवार को गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन, ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, राज्यपाल डॉ. हरिबाबू कंभमपती सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा वैज्ञानिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महान वैज्ञानिक डॉ. होमी भाभा आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके सामने बैठे सैकड़ों युवा वैज्ञानिक भविष्य के होमी भाभा बनने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि नाइजर केवल वैज्ञानिक अनुसंधान तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा, सतत विकास, जलवायु परिवर्तन और जटिल स्वास्थ्य चुनौतियों के समाधान में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिज्ञासु बने रहने, पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को अपनाने और अपने ज्ञान का उपयोग मानव कल्याण के लिए करने का आह्वान किया।

राज्यपाल डॉ. हरिबाबू कंभमपती ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति नई जिम्मेदारियों को स्वीकार करने का भी महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि विज्ञान के माध्यम से ही विश्व की अनेक चुनौतियों का समाधान संभव है।

मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी ने कहा कि युवा वैज्ञानिक और शोधकर्ता विज्ञान, अनुसंधान तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विज्ञान और प्रौद्योगिकी की प्रगति ही विकसित एवं समृद्ध भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शोध और ज्ञान का उपयोग समाज की जमीनी समस्याओं के समाधान में करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने नाइजर की उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था और अनुसंधान कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने नाइजर को देश का एक विशिष्ट संस्थान बताते हुए कहा कि इतने कम समय में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और अब उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन का इस परिसर में आगमन ओडिशा के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि देश में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी और गणित शिक्षा में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है तथा नाइजर में यह भागीदारी लगभग 40 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्नातकों को बधाई देते हुए कहा कि उपराष्ट्रपति की उपस्थिति में डिग्री प्राप्त करना प्रत्येक विद्यार्थी के लिए अविस्मरणीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रमाणपत्र वितरण का अवसर नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुसंधान और राष्ट्र सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
समारोह में परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. अजीत कुमार मोहंती, नाइजर के निदेशक प्रो. हिरेंद्रनाथ घोष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य तथा अनेक वरिष्ठ वैज्ञानिक, शिक्षाविद और शोधार्थी भी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


