आरंग विधानसभा को 128 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री ने की कई बड़ी घोषणाएं
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
महासमुंद, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
समोदा में लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ग्राम रीवा में 4 करोड़ रुपये के स्टॉप डैम सहित कई विकास कार्यों की घोषणा
रायपुर ACGN :- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत रीवा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नयन की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण ही राज्य सरकार की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में पूरा किया है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी, यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी” केवल एक नारा नहीं, बल्कि सरकार की कार्यशैली और जनविश्वास का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है तथा महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक 28 किश्तों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के अनुरूप बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। साथ ही प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए भ्रष्टाचार एवं अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। नागरिकों को सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आग्रह करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ा दी गई है। पात्र उपभोक्ता “मोर बिजली” मोबाइल एप अथवा वेबसाइट के माध्यम से सितंबर तक पंजीयन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
कार्यक्रम में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत आंवला का पौधारोपण किया। उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा जिला प्रशासन के मिशन उत्कर्ष के तहत उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री अंजय शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


