प्रतापपुर में आकार ले रहा आधुनिक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, इस वर्ष पूरा होगा 28 करोड़ की लागत वाला शिक्षा परिसर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर (छत्तीसगढ़)
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
निर्माण कार्य अंतिम चरण में, अगले शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को आधुनिक आवासीय परिसर में शिक्षा मिलने की संभावना।
सूरजपुर ACGN:- जिले के प्रतापपुर विकासखंड में निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह अत्याधुनिक शिक्षा परिसर आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लंबे समय से किराए के भवन में संचालित विद्यालय को जल्द ही अपना स्थायी एवं आधुनिक परिसर मिलने जा रहा है। निर्माण एजेंसी के अनुसार भवन का निर्माण कार्य इसी वर्ष पूर्ण कर परिसर को विद्यार्थियों के लिए समर्पित करने की तैयारी है, जबकि अगले शैक्षणिक सत्र से यहां नियमित कक्षाओं के संचालन की संभावना है।
करीब 1 लाख 10 हजार वर्गफीट क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस परिसर में आधुनिक शैक्षणिक भवन, छात्रावास, मेस, स्टाफ रूम, प्राचार्य कक्ष, वार्डन कक्ष, एसएस भवन, गार्ड रूम, बाउंड्रीवाल, आंतरिक सड़कें, नालियां तथा स्ट्रीट लाइट जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप तेजी से किया जा रहा है।

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए परिसर में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, रनिंग ट्रैक और आर्चरी जैसी खेल सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है। इसके अलावा ओपन ऑडिटोरियम, सांस्कृतिक मंच, हर्बल गार्डन और पार्क का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल, संस्कृति और व्यक्तित्व विकास के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।
जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले में निर्माणाधीन एकलव्य आवासीय विद्यालय परियोजनाओं में प्रतापपुर का निर्माण कार्य सबसे तेज गति से आगे बढ़ रहा है। परिसर की गुणवत्ता, भव्यता और निर्माण की प्रगति क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि कार्य इसी रफ्तार से चलता रहा तो वर्ष के अंत तक पूरा परिसर तैयार हो जाएगा और आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलने लगेगा।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समय-सीमा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। सरगुजा संभाग के आयुक्त एवं सूरजपुर कलेक्टर के निर्देश पर गठित समितियां नियमित रूप से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर रही हैं। डिप्टी कमिश्नर सरगुजा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रतापपुर, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण विकास, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग, सहायक अभियंता एवं अन्य अधिकारी समय-समय पर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भविष्य में प्रतापपुर एवं आसपास के आदिवासी विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल और व्यक्तित्व विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।
प्रदीप मिश्रा (प्रधान संपादक)
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
हमारी टीम का हिस्सा बने और अपने क्षेत्र के समाचार और विज्ञापन प्रसारित करने हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


