मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी 510 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, फसल विविधीकरण से समृद्धि की ओर बढ़ रहा राजनांदगांव
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
राजनांदगांव, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
333 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, किसानों को दलहन-तिलहन खेती के लिए मिलेगा प्रति एकड़ 15 हजार रुपये प्रोत्साहन
राजनांदगांव ACGN:- किसानों की समृद्धि, गांवों का विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजनांदगांव के स्टेट हाई स्कूल मैदान में आयोजित प्रगतिशील किसान सम्मेलन एवं लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में जिले को 510 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक लागत के 333 विकास कार्यों की सौगात दी।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव जिला फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और किसान समृद्धि के मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारते हुए सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने शिवनाथ नदी के मोहारा मेला स्थल से ऑक्सीजन जोन तक सस्पेंशन ब्रिज, ईरा एनीकट निर्माण एवं संरक्षण कार्य, कुमरदा-गेंदाटोला-कल्लूबंजारी मार्ग निर्माण और घुमरिया व्यपवर्तन जीर्णोद्धार जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में किसानों को पारंपरिक खेती के साथ दलहन, तिलहन और अन्य लाभकारी फसलों की ओर प्रेरित किया गया है, जिसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। खरीफ 2026 से कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर दलहन, तिलहन अथवा अन्य फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषक उन्नति योजना और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जैसी योजनाओं से किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है। सरकार किसानों को खाद और बीज समय पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि सुशासन को मजबूत करने के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है, जिससे नागरिक अपनी समस्याओं का समाधान समय-सीमा में प्राप्त कर सकते हैं। ई-डिस्ट्रिक्ट प्रणाली के माध्यम से आय, जाति, निवास सहित 400 से अधिक सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बिजली बिल समाधान योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि आम नागरिकों को राहत देने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से रूफटॉप सोलर अपनाने की अपील की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि फसल चक्र परिवर्तन और जल संरक्षण के लिए किसानों एवं ग्रामीणों में जागरूकता लाने के प्रयासों से राजनांदगांव में कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आया है।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन एवं एबीस एक्सपोर्ट के बीच किसानों के सोयाबीन उत्पाद की खरीदी के लिए एमओयू किया गया। इस अवसर पर प्रगतिशील किसानों, कृषि सखी दीदियों, सरपंचों और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, सांसद श्री संतोष पांडे, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष श्री योगेश दत्त मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


