कोयला अफरा-तफरी मामले में मस्तुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मिलावटी कोयला खपाने का खुलासा, तीन ट्रेलर सहित रोलर मशीन और 30 टन कोयला जब्त
बिलासपुर ACGN:- मस्तुरी पुलिस ने कोयले में अफरा-तफरी और मिलावट कर नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मामले में तीन ट्रेलर वाहन, एक रोलर मशीन और करीब 30 टन कोयला जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना मस्तुरी में अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत धारा 316(3), 317(4), 111 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी कप्तान सत्यनारायण निवासी सरकंडा बिलासपुर ने मस्तुरी थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि एसीसीएल कोल माइंस कोरबा से 15 जून 2026 को जी-11 कोयले का ऑर्डर किया गया था। यह कोयला एसएम इंटरप्राइजेस के माध्यम से ट्रेलरों में प्लांट पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान 17 जून की रात करीब 2 बजे से सुबह 7 बजे के बीच प्लांट में पहुंचे तीन ट्रेलरों की जांच के दौरान कोयला खराब गुणवत्ता वाला और मिलावटी पाया गया।

जांच में ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 ईसी 5488, सीजी 10 बीटी 6138 और सीजी 15 ईजी 5055 में लाए गए कोयले में गड़बड़ी मिली। चालकों से पूछताछ करने पर वे मौके से फरार हो गए। जांच में सामने आया कि तीनों ट्रेलर चालक एसीसीएल गेवरा माइंस से जी-11 कोयला लेकर निकले थे, लेकिन रास्ते में कोयले की अफरा-तफरी कर उसमें मिलावट कर प्लांट में पहुंचाया गया, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
पुलिस की विवेचना के दौरान ट्रेलर चालक जयकांत यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि ट्रेलर मालिकों और अन्य साथियों के साथ मिलकर गेवरा माइंस से लाए गए जी-11 कोयले को बेलतरा टोल प्लाजा के पास स्थित कोल डिपो में खाली कर उसमें गिट्टी मिश्रित कोयला मिलाकर प्लांट में भेजा गया था। इसके बदले मिलने वाली राशि का आपस में बंटवारा किया जाना था।
इसके बाद पुलिस ने वाहन मालिक सुनीत यादव, सूरज सिंह और कोल डिपो संचालक आकाश सिंघल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी आकाश सिंघल ने बताया कि उसके डिपो में रखे कोयले में रोलर मशीन के माध्यम से जी-11 कोयला मिलाकर तैयार किया गया था।
मस्तुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जयकांत यादव पिता रमेश यादव निवासी गढ़वा झारखंड, वाहन मालिक सुनीत यादव निवासी सरकंडा बिलासपुर, वाहन मालिक सूरज सिंह निवासी दीपका कोरबा और कोल डिपो संचालक आकाश सिंघल निवासी तोरवा बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अवैध गतिविधियों और उद्योगों को नुकसान पहुंचाने वाले मामलों में बिलासपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


