तमनार-पूंजीपथरा मार्ग पर मिली जली महिला की लाश का खुलासा, प्रेमी निकला हत्यारा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
72 घंटे में रायगढ़ पुलिस ने सुलझाया अंधा कत्ल, शक के चलते हत्या कर पहचान छिपाने जलाया था शव
रायगढ़ ACGN:- रायगढ़ जिले के तमनार-पूंजीपथरा मार्ग पर मिली जली हुई महिला की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंध के दौरान हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जला दिया था। रायगढ़ पुलिस ने वैज्ञानिक, तकनीकी जांच और सक्रिय सूचना तंत्र की मदद से इस अंधे कत्ल की गुत्थी महज 72 घंटे के भीतर सुलझा ली।
मामले के अनुसार 17 जून 2026 को तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर मायाराम सालिकराम क्रेशर के पास एक अधेड़ महिला का जली हुई अवस्था में शव मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर शव को घसीटने के निशान भी मिले थे, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ। पुलिस ने शव को सुरक्षित रखकर आसपास से जरूरी साक्ष्य जुटाए और अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
इस घटना में सबसे बड़ी चुनौती मृतिका की पहचान करना और आरोपी तक पहुंचना था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने मृतिका के फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किया। इसी दौरान जानकारी मिली कि पूंजीपथरा क्षेत्र के लक्ष्मी कॉलोनी में रहने वाली एक महिला कुछ दिनों से लापता है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो और वीडियो देखकर जशपुर जिले के ग्राम बोरो से पहुंचे दो युवकों ने कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर मृतिका की पहचान अपनी मां मंगरिता एक्का उम्र लगभग 60 वर्ष के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगरिता एक्का पूंजीपथरा क्षेत्र में मजदूरी का काम करती थी।
जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के साथ रहने वाले इमिलीयूस तिग्गा पर संदेह हुआ। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।


आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले दो वर्षों से एनआर फेरो प्लांट तुमीडीह में मजदूरी करता था। करीब तीन माह पहले उसकी पहचान मंगरिता एक्का से हुई थी और दोनों पति-पत्नी की तरह पूंजीपथरा के लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में रहने लगे थे। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोपी ने बताया कि मृतिका उस पर दूसरी पत्नी रखने का शक करती थी, जिसके कारण आए दिन विवाद होता था।

17 जून को मंगरिता घर जाने की बात कहकर कुछ सामान लेकर निकली थी। आरोपी भी उसके पीछे चला गया। रास्ते में दोनों ने महुआ पेड़ के नीचे बैठकर शराब पी और इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने साड़ी से गला घोंटकर मंगरिता की हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया। बाद में पेट्रोल खरीदकर शव को क्रेशर डस्ट के पास ले जाकर पहचान छिपाने के उद्देश्य से आग लगा दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पेट्रोल की बोतल, माचिस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। आरोपी इमिलीयूस तिग्गा पिता फेदोर तिग्गा उर्फ कादार तिग्गा निवासी अमडीहा थाना फरसाबहार जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस पूरे मामले के खुलासे में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक साक्ष्य, तकनीकी जांच और सूचना तंत्र के बेहतर उपयोग से रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रदीप मिश्रा (प्रधान संपादक)
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारित करने हेतु इस नंबर पर भेजें 7647981711 – 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


