अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कोरबा में हुआ सामूहिक योग, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा- योग को जीवनशैली बनाकर करें स्वस्थ, सशक्त और विकसित समाज का निर्माण
कोरबा ACGN:- बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरबा नगरीय क्षेत्र स्थित लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नगरवासियों के साथ योगासन एवं प्राणायाम कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश नाग, अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और बुद्धि के संतुलित विकास की एक समग्र पद्धति है।

मंत्री श्री साहेब ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और बदलती जीवनशैली के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज करोड़ों लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। नियमित योग से शरीर स्वस्थ रहता है और व्यक्ति में आत्मविश्वास, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने नशामुक्त, जागरूक और स्वस्थ समाज के निर्माण में सभी से सहभागिता का आह्वान किया।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में योग स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। योग से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में योग का विशेष महत्व है। योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं बल्कि शरीर और मन के संतुलन का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक दक्षता में वृद्धि होती है और व्यक्ति निरोग जीवन की ओर आगे बढ़ता है।

कार्यक्रम में योग शिक्षक श्री रामेश्वर प्रसाद पांडे ने योग के महत्व की जानकारी देते हुए सभी को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान मंत्री सहित सभी उपस्थित लोगों ने ताड़ासन, पवन मुक्तासन, हलासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और प्राणायाम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का सामूहिक अभ्यास किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग करने और नशामुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ दिलाई गई।
प्रदीप मिश्रा (प्रधान संपादक)
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारित करने हेतु इस नंबर पर भेजें 7647981711 – 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


