रुपयों की लालच में दोस्त की हत्या, अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
जूनापारा पुलिस की कार्रवाई, सीसीटीवी और गवाहों की मदद से हत्यारे तक पहुंची पुलिस
बिलासपुर ACGN:- तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बांसाझाल भाठाखार जूनापारा में मिले भुवन सिंह ध्रुव के शव के मामले में बिलासपुर पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी अशोक श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने रुपयों की लालच और नशे की आदत के चलते अपने परिचित की बेरहमी से हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार ग्राम बांसाझाल भाठाखार क्षेत्र के खेत में भुवन सिंह ध्रुव की लाश मिलने के बाद चौकी जूनापारा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस का संदेह मनपहरी निवासी अशोक श्रीवास पर गया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अशोक श्रीवास मृतक भुवन सिंह ध्रुव को पिछले कई वर्षों से जानता था। मृतक ने कुछ दिन पहले खेत बेचकर बड़ी रकम अपने पास रखी थी, जिसकी जानकारी आरोपी को हो गई थी। इसके बाद आरोपी लगातार भुवन सिंह से मेल-जोल बढ़ाने लगा।
13 जून 2026 को आरोपी अपने ऑटो क्रमांक CG10 BN 1761 को लेने के बहाने भुवन सिंह को साथ लेकर गया। इसके बाद जंगल क्षेत्र में दोनों ने शराब पी। आरोपी को जब लगा कि भुवन सिंह नशे में है तो उसने सुनसान जगह पर ले जाकर रुपयों की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने पत्थर से हमला कर भुवन सिंह के सीने पर वार कर दिया।
आरोपी ने बताया कि उसने करीब 3 से 4 किलो वजनी पत्थर से दो-तीन बार वार कर भुवन सिंह की हत्या कर दी और उसके पास रखे रुपये लेकर अपने घर चला गया। आरोपी ने चोरी किए गए रुपये घर की सीढ़ी के नीचे छिपाकर रखे थे।
पुलिस ने आरोपी अशोक श्रीवास पिता तिहारूराम श्रीवास उम्र 45 वर्ष निवासी मनपहरी चौकी जूनापारा थाना तखतपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 41 हजार 500 रुपये, हत्या में प्रयुक्त पत्थर और घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG10 BN 1761 बरामद किया गया है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मयूलिका सिंह, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में चौकी जूनापारा एवं थाना तखतपुर पुलिस टीम के सतत प्रयास से पूरी की गई।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


