दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में डॉयल-112 बनी सहारा, खाट पर लाकर प्रसूता को पहुंचाया अस्पताल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
जीपीएम ACGN:- छत्तीसगढ़ डॉयल-112 सेवा ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित सहायता का उदाहरण पेश किया है। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाली आदिवासी प्रसूता महिला को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में डॉयल-112 टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार 15 जून की रात 10 बजकर 09 मिनट पर ग्राम भैसाजरा, ग्राम पंचायत जोगीसार निवासी सुकलाल सिंह ने डॉयल-112 में फोन कर पड़ोस की महिला के प्रसव पीड़ा से परेशान होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही गौरेला फाल्कन-1 की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
डॉयल-112 वाहन में तैनात आरक्षक क्रमांक 143 रामदयाल आयाम एवं चालक लुपेंद्र कुमार घटनास्थल के लिए पहुंचे। लेकिन गांव तक जाने वाला रास्ता अत्यंत दुर्गम और जंगल क्षेत्र से होकर गुजरने के कारण वाहन को गांव से करीब दो किलोमीटर पहले रोकना पड़ा।
इसके बाद पुलिस टीम पैदल चलकर गांव पहुंची और प्रसूता शांति बाई मार्को, पति मानसिंह मार्को, उम्र 28 वर्ष को परिजनों की मदद से खाट पर लिटाकर करीब दो किलोमीटर पैदल मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।
इसके बाद डॉयल-112 वाहन से प्रसूता को सुरक्षित जिला अस्पताल गौरेला ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां महिला का उपचार किया जा रहा है।
डॉयल-112 टीम की तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय पहल की क्षेत्रवासियों एवं परिजनों ने सराहना की। इस घटना ने साबित किया कि कठिन परिस्थितियों में भी छत्तीसगढ़ पुलिस आम जनता की सहायता के लिए हर समय तैयार है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़.
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


