आईजी दीपक झा ने प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को दिए बेहतर कार्य और व्यवहारिक प्रशिक्षण के निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सरगुजा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अरविन्द तिवारी
कानून व्यवस्था, अपराध विवेचना और जनसेवा में दक्ष अधिकारी बनने पर दिया जोर
सरगुजा ACGN:- पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने रेंज के विभिन्न जिलों में नवपदस्थ प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को बेहतर कार्य प्रणाली और व्यवहारिक प्रशिक्षण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ नवा रायपुर के आदेश के अनुसार सरगुजा रेंज के जिलों में नए प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों की पदस्थापना की गई है। इसमें सरगुजा जिले को 14, सूरजपुर को 15, बलरामपुर को 16, जशपुर को 13, एमसीबी को 12 और कोरिया जिले को 8 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मिले हैं।
आईजी दीपक कुमार झा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक और वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों से परिचय प्राप्त किया और उनके अनुभव व योग्यताओं की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली और मैदानी स्तर पर पुलिसिंग के महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अपने प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए कानून व्यवस्था, अपराध विवेचना, साइबर फ्रॉड, सीसीटीएनएस, बीट पुलिसिंग, संत्री ड्यूटी, न्यायालयीन कार्यवाही, समंस वारंट, गुम इंसान के प्रकरण, मर्ग, महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े मामलों का बारीकी से अध्ययन करें।
आईजी ने कहा कि पुलिस अधिकारी के लिए जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार, पीड़ितों से सम्मानजनक संवाद और मानवाधिकारों का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने महिला और बच्चों से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से अनुशासन, समयपालन, वर्दी की गरिमा और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करने की बात कही।
आईजी दीपक झा ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ऐसे सक्षम अधिकारी तैयार करना है जो कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, प्रभावी विवेचना और जनसेवा के क्षेत्र में बेहतर भूमिका निभा सकें।
इस दौरान उमनि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल, सीएसपी अंबिकापुर राहुल बंसल, रक्षित निरीक्षक सरगुजा तृप्ति सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अन्य जिलों के पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों से जुड़े रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

