दो साल से फरार हत्या के प्रयास का आरोपी ‘सन्नी सरदार’ गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :-
ऑपरेशन क्लीन हंट में रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, हत्या के प्रयास का दो वर्ष से फरार आरोपी गिरफ्तार
चर्चित हमले के मामले में फरार चल रहा था संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार, न्यायालय ने सह-आरोपियों को पहले ही सुनाई थी 10-10 वर्ष की सजा
रायगढ़ ACGN :- रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग दो वर्षों से फरार आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से कानून की गिरफ्त से बचने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस की सतत निगरानी और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते आखिरकार उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार पंजाब के अमृतसर जिले का निवासी है और वर्तमान में रायगढ़ में रह रहा था। आरोपी उस मामले में फरार था जिसमें वर्ष 2024 में एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया था। इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में सुनवाई पूरी हो चुकी है तथा सह-आरोपियों को दस-दस वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।
क्या था पूरा मामला – जानकारी के अनुसार 7 दिसंबर 2024 की रात साहिल ठाकुर अपने मित्रों के साथ पोस्ट ऑफिस के पीछे स्थित जिम के पास आग ताप रहा था। इसी दौरान स्विफ्ट डिजायर कार में सवार कई युवक वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते साहिल ठाकुर पर लोहे की रॉड एवं डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर, चेहरे, जबड़े, हाथ एवं पैरों में गंभीर चोटें आईं तथा उसका एक दांत टूट गया। हमला इतना गंभीर था कि आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे अमन सिंह ठाकुर के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे वह भी घायल हो गया। घायल साहिल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया था।
पुलिस जांच में हुए कई खुलासे – मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से रक्तरंजित मिट्टी, घायल युवक के खून से सने कपड़े तथा घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए थे। गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर लकड़ी के डंडे, लोहे की रॉड और घटना में उपयोग की गई कार भी जब्त की गई थी।
पुलिस विवेचना के बाद आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के उपरांत अक्टूबर 2025 में न्यायालय ने आरोपी राज बरेठ को हत्या के प्रयास के अपराध में 10 वर्ष के सश्रम कारावास तथा अन्य आरोपियों को भी सजा सुनाई थी। जबकि संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार लगातार फरार चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी – कोतवाली पुलिस द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत मुखबिरों को सक्रिय किया गया था। इसी दौरान पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके आधार पर विशेष टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया।
एसएसपी का सख्त संदेश – रायगढ़ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, सहायक उप निरीक्षक गौतम ठाकुर तथा कोतवाली थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


