फेसबुक दोस्ती बनी ब्लैकमेल का जरिया, आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
महिला थाना की त्वरित कार्रवाई, दुष्कर्म और एक्सटॉर्शन के आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
रायगढ़ ACGN:- महिला थाना रायगढ़ ने एक विवाहित महिला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार कोतरारोड़ थाना क्षेत्र की 33 वर्षीय महिला ने जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ निवासी अनिल ईजारदार के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना की टीम ने रात में कार्रवाई करते हुए आरोपी को ग्राम बंजारी क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी से उसकी पहचान हाईस्कूल के समय से थी। वर्ष 2019 में फेसबुक के माध्यम से दोबारा संपर्क होने के बाद बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि वर्ष 2020 में आरोपी ने उसे बहाने से कार में बैठाकर एक स्थान पर ले जाकर उसका वीडियो बना लिया और इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शारीरिक और आर्थिक शोषण करता रहा।

पीड़िता के अनुसार आरोपी द्वारा डर और सामाजिक बदनामी का दबाव बनाकर लंबे समय तक उसे परेशान किया गया। शिकायत में लगभग 35 लाख रुपये की अवैध वसूली का भी आरोप लगाया गया है। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता मानसिक तनाव में आ गई थी।
महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपी अनिल ईजारदार पिता रविलाल ईजारदार उम्र 32 वर्ष को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से हुई पहचान का गलत फायदा उठाकर यदि कोई व्यक्ति डराने, धमकाने या ब्लैकमेल करने का प्रयास करता है तो महिलाएं बिना डर के पुलिस से संपर्क करें। रायगढ़ पुलिस हर पीड़िता की सहायता के लिए तत्पर है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


