इजराइल में रोजगार का सुनहरा अवसर, 3,500 पदों पर होगी भर्ती, दो लाख रुपये तक मासिक वेतन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
केयर गिवर पद के लिए आवेदन आमंत्रित, योग्य अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल पर करें पंजीयन
कोरबा ACGN:- विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएसडीसी) के अंतर्गत भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत इजराइल में होम बेस्ड केयर गिवर के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा यह अवसर प्रदेश के युवाओं को उपलब्ध कराया गया है।
जानकारी के अनुसार केयर गिवर के कुल 3,500 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह लगभग दो लाख रुपये तक वेतन प्रदान किया जाएगा। यह अनुबंध प्रारंभिक रूप से दो वर्षों के लिए होगा, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है तथा इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन अनिवार्य होगा। आवेदक के पास कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना चाहिए। साथ ही वह शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ हो, उसकी लंबाई 1.5 मीटर से अधिक तथा वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए। पूर्व में इजराइल में कार्य कर चुके अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।
वांछनीय योग्यता के अंतर्गत भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे के ऑन जॉब ट्रेनिंग सहित केयर गिविंग प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट अथवा मिडवाइफ से संबंधित कोई एक प्रमाण पत्र रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी।
चयनित उम्मीदवारों को नियोजक द्वारा आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। चिकित्सा बीमा, 9 दिन का राष्ट्रीय अवकाश तथा 16 दिन का वार्षिक अवकाश भी दिया जाएगा। कार्य अवधि सप्ताह में छह दिन निर्धारित की गई है।
चयन प्रक्रिया के अंतर्गत सबसे पहले छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। इसके बाद दस्तावेजों एवं पात्रता की जांच, मार्गदर्शन, दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस क्लियरेंस तथा इजराइली नियोजक द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साक्षात्कार लिया जाएगा। अंतिम चयन इजराइल के नियोजक द्वारा किया जाएगा।
विभागीय जानकारी के अनुसार वेतन से चिकित्सा बीमा, आवास, भोजन एवं अन्य निर्धारित कटौतियां की जाएंगी। कटौती के बाद अभ्यर्थी को लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपये प्रतिमाह वेतन प्राप्त होगा।
रोजगार विभाग ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे शीघ्र ई-रोजगार पोर्टल पर अपना पंजीयन कर भर्ती प्रक्रिया में भाग लें। किसी भी प्रकार की जानकारी या शंका के समाधान के लिए प्रदेश के निकटतम रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। विभाग ने अभ्यर्थियों को दलालों और फर्जी एजेंटों से सावधान रहने की भी सलाह दी है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

