शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
अभियान संवेदना के तहत महिला थाना पुलिस की कार्रवाई, सीतापुर से पकड़कर भेजा गया जेल
रायगढ़ ACGN :- महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शादी का झांसा देकर एक महिला का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 28 अप्रैल 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से आरोपी नीरापद बबली उर्फ नीरापद बबाली से हुई थी। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती धीरे-धीरे बातचीत में बदली और आरोपी ने स्वयं को रायपुर निवासी तथा पेंट-पुट्टी ठेकेदारी का कार्य करने वाला बताकर पीड़िता को विवाह का भरोसा दिलाया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी 14 अक्टूबर 2023 को उसके घर आया, परिजनों से मुलाकात की और विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी लगातार उसके संपर्क में रहा और कई बार उसके घर आता-जाता रहा। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी उसे कुडुमकेला ले गया, जहां किराए के मकान में वर्ष 2025 तक साथ रखकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि 15 मई 2025 को आरोपी उसे रायगढ़ स्थित घर छोड़कर चला गया। इसके बाद 17 अप्रैल 2026 को वह पुनः उसके घर पहुंचा और यह कहकर विवाह से इंकार कर दिया कि वह पहले से विवाहित है। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और वहां से चला गया।
महिला की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था।
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद महिला थाना की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीतापुर पहुंचकर मोबाइल लोकेशन के आधार पर पेटला क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने विरुद्ध लगाए गए आरोपों को स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी नीरापद बबली उर्फ नीरापद बबाली (उम्र 36 वर्ष), निवासी माना कैंप वार्ड क्रमांक-07, थाना माना कैंप, जिला रायपुर को विधिवत गिरफ्तार किया। आवश्यक स्वास्थ्य एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूर्ण करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस ऐसे मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता और दृढ़ता के साथ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़। :::
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

