नारकोटिक्स के लोकल नेटवर्क पर रायपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, 96 घंटे में 8 आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
हिस्ट्रीशीटर सहित 8 आरोपी गिरफ्त में, हेरोइन, एमडी, नशीली टेबलेट और गांजा सहित 5 लाख रुपये का मशरूका जब्त
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 96 घंटे के भीतर कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर, पश्चिम एवं उत्तर क्षेत्र) की सतत निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने यह कार्रवाई की।
अभियान के दौरान थाना टिकरापारा, सिविल लाइन, न्यू राजेंद्र नगर, खमतराई एवं डीडी नगर क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए हेरोइन, एमडी ड्रग्स, नशीली टेबलेट एवं गांजा बरामद किया गया। आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद से अब तक नारकोटिक एक्ट के कुल 49 मामलों में 113 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा 2 करोड़ 63 लाख 62 हजार 490 रुपये मूल्य का मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।
थाना टिकरापारा क्षेत्र में पुलिस ने नया बस स्टैंड भाठागांव के पास कार्रवाई करते हुए हरप्रीत सिंह मट्टू और ऋषि साहू को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 8.75 ग्राम हेरोइन तथा बिक्री की नगदी रकम बरामद की गई। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 1.72 लाख रुपये बताई गई है।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की। पुलिस के अनुसार अफसर कादर के खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों सहित महाराष्ट्र के नागपुर में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, दुष्कर्म, छेड़छाड़ एवं अन्य गंभीर धाराओं के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
इसी प्रकार थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र में पुलिस ने महावीर जैन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 198 नग नाइट्राजेपाम नशीली टेबलेट, मोबाइल फोन और नगदी राशि बरामद की। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है।
थाना खमतराई क्षेत्र में एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को पकड़कर उसके कब्जे से 1 किलो 800 ग्राम गांजा तथा मोबाइल फोन जब्त किया गया। वहीं थाना सिविल लाइन क्षेत्र में मीर कुरैशी उर्फ विक्की और एक अन्य बालक को 40 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया गया।
थाना डीडी नगर क्षेत्र में संयुक्त टीम ने सरोना स्थित शक्ति घाट आम बगीचा के पास कार्रवाई करते हुए गुलाब कंडरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम गांजा तथा बिक्री की नगदी राशि बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी मामलों में एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है और मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़। :::
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

