रेत उत्खनन प्रतिबंध लागू कराने खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1 पोकलेन मशीन व 3 ट्रैक्टर जब्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
10 जून से 15 अक्टूबर तक रेत खनन पर रोक, उड़नदस्ता दलों ने रेत घाटों का किया औचक निरीक्षण
कोरबा ACGN :- कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले में संचालित रेत घाटों से 10 जून से 15 अक्टूबर तक रेत उत्खनन पर लगाए गए प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए खनिज विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गठित दो खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के विभिन्न रेत घाटों का औचक निरीक्षण कर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराया।
निरीक्षण के दौरान जोगीपाली, तरदा, कुदुरमाल, कटबितला, भैंसामुड़ा, गितारी, बगदर, चिचोली, भिलाई खुर्द, चुईया, कछार, घमोटा, धवईपुर, चारपारा एवं कुदमुरा सहित विभिन्न वैध रेत घाटों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों एवं श्रमिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित अवधि के दौरान किसी भी स्थिति में रेत का उत्खनन नहीं किया जाएगा।
अभियान के दौरान कुदमुरा रेत घाट में एक पोकलेन मशीन (चेन माउंटेन) द्वारा अवैध उत्खनन करते पाए जाने पर खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीन को जब्त कर सील कर दिया। वहीं भिलाई खुर्द क्षेत्र में ईंटों का अवैध परिवहन करते पाए गए एक ट्रैक्टर को जब्त कर सिटी कोतवाली थाना की अभिरक्षा में रखा गया।

इसी प्रकार डिंगापुर क्षेत्र में मिट्टी एवं ईंट का अवैध उत्खनन तथा परिवहन करते पाए गए दो ट्रैक्टरों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। दोनों वाहनों को जब्त कर रामपुर थाना में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्षा ऋतु के दौरान नदियों से रेत उत्खनन पर लगाए गए प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना, अवैध खनन पर नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

