सुपरवाईजर से 10 लाख से अधिक की लूट का पुलिस ने किया पर्दाफाश, अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
पूर्व नियोजित रेकी के बाद की गई वारदात, डेढ़ माह से बनाई जा रही थी योजना, मुख्य आरोपी एमबीए स्नातक भी शामिल
रायपुर ACGN:- रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने डंगनिया बाजार क्षेत्र में सुपरवाईजर से 10,26,500 रुपये की लूट की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी गौरव तिवारी और उसके साथी आशीष पाण्डेय उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
यह घटना दिनांक 06 जून 2026 को उस समय हुई थी जब प्रार्थी श्रवण साहू कंपनी के निर्देश पर बालाजी कॉर्पोरेट ऑफिस से उधारी की नगदी राशि लेकर डंगनिया बाजार पहुंचा था। शाम करीब 07:05 बजे जब वह अपने वाहन से बैग निकाल रहा था, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसे धक्का देकर 10,26,500 रुपये से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। बैग में नगदी के साथ बैंक चेकबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) श्री संदीप पटेल के नेतृत्व में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने लगभग डेढ़ माह पहले से ही इस लूट की योजना बनाई थी और लगातार रेकी कर रहे थे। वे कंपनी कार्यालय के बाहर निकलने वाले कर्मचारियों पर नजर रखते थे और सही मौके की तलाश में थे।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी गौरव तिवारी पहले बालाजी कंपनी में लेन-देन से जुड़ा कार्य कर चुका था और उसे यह जानकारी थी कि कार्यालय से बड़ी रकम नगद में बाहर जाती है। इसी जानकारी को आधार बनाकर उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई। घटना के दिन सभी आरोपी दो अलग-अलग वाहनों से मौके पर पहुंचे और प्रार्थी का पीछा करते हुए वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उत्तर प्रदेश के भदोही से आशीष पाण्डेय उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी गौरव तिवारी को रायपुर से पकड़ा गया। जांच में यह भी सामने आया है कि गौरव तिवारी एमबीए की पढ़ाई कर चुका है और आशीष पाण्डेय ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा हुआ है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 लाख रुपये नगद तथा वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन भी बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 7.50 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और दिल्ली में लगातार दबिश दे रही हैं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

