कटघोरा में पटाखा गोदाम में भीषण आग, धमाकों से दहला रामपुर बायपास क्षेत्र
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा ब्रेकिंग
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
आग की लपटें दूर-दूर तक दिखीं, लाखों रुपये के पटाखे जलकर खाक, दमकल और पुलिस की टीम मौके पर जुटी
https://youtu.be/9MMSY3zzamk?si=kBwll5sXpWn7WhIZ
कोरबा ACGN :- कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर बायपास स्थित पटाखा व्यापारी प्रदीप शर्मा के पटाखा गोदाम में बुधवार को अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने लगे। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई देने लगी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कुछ ही मिनटों में गोदाम से उठती ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार आसमान में छा गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, वहीं सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी गई।
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय गोदाम में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की चपेट में आने से गोदाम में रखे लाखों रुपये मूल्य के पटाखे पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। वहीं नगर पालिका की दमकल टीम भी फायर ब्रिगेड वाहनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए लगातार मशक्कत करती रही। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, क्योंकि पटाखों में हो रहे लगातार विस्फोट राहत कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे थे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। समाचार लिखे जाने तक आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया था, जबकि शेष हिस्सों में धधक रही आग को पूरी तरह बुझाने का कार्य जारी था।
आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य तकनीकी कारणों की संभावना जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे। पुलिस एवं संबंधित विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद रामपुर बायपास और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने पटाखा गोदामों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच और कड़े सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

