नाली निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की निष्पक्ष जांच की मांग
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
ग्राम पंचायत करही में निर्माणाधीन नाली कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल, जनदर्शन में सौंपा आवेदन
मुंगेली ACGN:- जनपद पंचायत मुंगेली अंतर्गत ग्राम पंचायत करही में निर्माणाधीन नाली निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गुणवत्ता और तकनीकी मानकों पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से जांच की मांग की है।

इस संबंध में ग्रामीणों ने जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर के नाम लिखित आवेदन प्रस्तुत कर निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार ग्राम पंचायत करही के वार्ड क्रमांक 08 से नाले तक दो हिस्सों में पक्की नाली का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर संदेह है तथा कंक्रीट की मजबूती भी अपेक्षित स्तर की प्रतीत नहीं हो रही है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि नाली निर्माण का कार्य चरणबद्ध और अधूरे ढंग से किया जा रहा है, जिससे भविष्य में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य की समय रहते जांच नहीं की गई तो बरसात के मौसम में जलभराव और गंदे पानी की निकासी की समस्या गंभीर रूप धारण कर सकती है।

आवेदन में मांग की गई है कि जनपद पंचायत मुंगेली से संबंधित निर्माण कार्य का स्वीकृत स्टीमेट (प्राक्कलन) मंगाकर तकनीकी अधिकारियों की टीम से स्थल निरीक्षण कराया जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण कार्य पूर्ण होने से पहले जांच कराई जानी चाहिए, ताकि यदि किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो उसका तत्काल सुधार कराया जा सके।

ग्रामीणों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों एवं निर्माण एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

फिलहाल ग्रामीणों की शिकायत के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब लोगों की निगाहें जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी शिकायत पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

