नाबालिग से दुष्कर्म मामले में बड़ा खुलासा, दो बिचौलियों सहित पीड़िता के दादा गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
मामले को दबाने के लिए 1 लाख 30 हजार रुपये लेने का आरोप, पुलिस ने नगदी भी की जब्त
रायपुर ACGN:- रायपुर ग्रामीण पुलिस ने चौकी सिलयारी क्षेत्र में दर्ज नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले की विवेचना के दौरान बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पीड़िता के दादा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 18 अप्रैल 2026 को दर्ज दुष्कर्म प्रकरण की पुनः गहन जांच की गई, जिसमें महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पीड़िता के दादा पर मामले को दबाने का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि उन्होंने मुख्य आरोपी ईश्वर घृतलहरे के परिजनों से घटना को छिपाने के एवज में 1 लाख 30 हजार रुपये नगद प्राप्त किए थे।
विवेचना में यह भी सामने आया कि कथित लेन-देन का वीडियो बनाया गया था। पुलिस के अनुसार मामले में दूसरे आरोपी को फोन पर धमकी दिए जाने संबंधी जानकारी भी जांच में मिली है।
जांच अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर पीड़िता के दादा द्वारा अपनी नातिन के साथ किसी प्रकार की घटना होने से इनकार किया गया था। बाद में उन्होंने पुनः जांच की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच आगे बढ़ाई गई।
पुलिस ने गंभीर अपराध के मामले को कथित रूप से धनराशि लेकर दबाने के आरोप में पीड़िता के दादा, सीताराम मेडिकल स्टोर के संचालक चंद्रशेखर यदु तथा टुकेन्द्र वर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, दुष्कर्म प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों को पूर्व में न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि यह मामला नाबालिग बालिका से संबंधित है, इसलिए पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है। मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायालयीन प्रक्रिया एवं जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

