राहौद की रिद्धांशी बनी अबेकस चैंपियन
दस मिनट में 200 गणितीय प्रश्न हल कर दिखाई प्रतिभा, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में किया जिले का नाम रोशन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अरविंद तिवारी
जांजगीर-चांपा ACGN :- जिले के राहौद क्षेत्र की होनहार छात्रा कु. रिद्धांशी साहू ने अबेकस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र, विद्यालय और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। मात्र 9 वर्ष की आयु में रिद्धांशी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी असाधारण गणितीय क्षमता का परिचय देते हुए अबेकस चैंपियन का खिताब हासिल किया।
टेम्पल सिटी शिवरीनारायण स्थित तक्षशिला विद्यालय की कक्षा तीसरी की छात्रा रिद्धांशी साहू ने ऑनलाइन अबेकस प्रशिक्षण के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने जांजगीर की प्रशिक्षक रेणुका शर्मा के मार्गदर्शन में अबेकस की पढ़ाई प्रारंभ की थी।
हाल ही में रायगढ़ के अग्रोहा धाम में आयोजित राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में रिद्धांशी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजुअल प्रतियोगिता में चैंपियन का स्थान प्राप्त किया, जबकि लिस्निंग प्रतियोगिता में प्रथम रनर-अप रहीं। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने मात्र दस मिनट में लगभग 200 गणितीय प्रश्न हल कर अपनी अद्भुत मानसिक गणना क्षमता का प्रदर्शन किया।
रिद्धांशी के पिता विश्वा साहू एवं माता रिंकी साहू ने बताया कि जब उनकी पुत्री ने ऑनलाइन अबेकस कक्षाएं शुरू की थीं, तब वह अन्य बच्चों की तरह गणित में सामान्य स्तर की छात्रा थी। लेकिन निरंतर अभ्यास और प्रशिक्षण के चलते आज वह अपने से बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी कड़ी चुनौती दे रही है। उन्होंने कहा कि अब गणित रिद्धांशी के लिए बेहद आसान विषय बन चुका है और वह कठिन से कठिन प्रश्नों का उत्तर भी बहुत कम समय में निकाल लेती है।
अबेकस प्रशिक्षक रेणुका शर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण 6 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए संचालित किया जाता है। सप्ताह में दो दिन ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित की जाती हैं, जिनमें विशेष तकनीकों के माध्यम से बच्चों की गणितीय क्षमता, स्मरण शक्ति और मानसिक विकास पर कार्य किया जाता है।
उन्होंने बताया कि अबेकस प्रशिक्षण से बच्चों का गणित का भय समाप्त होता है तथा उनकी एकाग्रता, सुनकर समझने की क्षमता, लेखन गति और विश्लेषण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इसके अलावा फ्लैश कार्ड एक्टिविटी और ब्रेन डेवलपमेंट एक्सरसाइज के माध्यम से बच्चों के बौद्धिक विकास को भी प्रोत्साहित किया जाता है।
रिद्धांशी की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। राहौद क्षेत्र की इस नन्ही प्रतिभा ने साबित कर दिया है कि लगन, परिश्रम और उचित मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण अंचलों के बच्चे भी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

