ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, श्रीरामनवमी विवाद में फरार तीन आरोपी गिरफ्तार, मारपीट मामले में न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- संजय जेठवानी
बीच-बचाव करना युवक को पड़ा भारी, स्टील के कड़े और लात-घूंसों से हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
रायगढ़ ACGN:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने मारपीट के एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैकुण्ठपुर महावीर चौक निवासी वैभव ठाकुर ने 28 मार्च 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वैभव ठाकुर साउंड एंड लाइट व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया था कि 27 मार्च 2026 को श्रीरामनवमी शोभायात्रा के दौरान गैलेक्सी मॉल के पास कुछ लोगों के बीच विवाद हो रहा था, जिसे शांत कराने के लिए उन्होंने बीच-बचाव किया था।
शोभायात्रा समाप्त होने के बाद देर रात जब वह दशरथ पान ठेला के पास अपने साउंड सिस्टम का सामान रखवाकर खड़े थे, तभी शुभम भाठिया, विश्वास बैरागी, राकेश उर्फ गोलु महंत और सुनील दास महंत वहां पहुंचे। आरोपियों ने बीच-बचाव करने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी शुभम भाठिया ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से हमला किया, जबकि अन्य आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट की। इस हमले में वैभव ठाकुर के नाक, कंधे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 167/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत 4 जून 2026 को आरोपी विश्वास बैरागी को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों के साथ घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस को अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर पुलिस ने सतवेंदर सिंह उर्फ शुभम भाठिया (28 वर्ष), निवासी कोष्टापारा कोतरारोड रायगढ़, राकेश उर्फ गोलु महंत (25 वर्ष), निवासी सोनियानगर कोतरारोड रायगढ़ तथा सुनील दास महंत (27 वर्ष), निवासी सोनियानगर कोतरारोड रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपी सतवेंदर सिंह उर्फ शुभम भाठिया की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हाथ में पहनने वाला स्टील का कड़ा भी बरामद कर जब्त किया गया। सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी संचालित किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी :-
सतवेंदर सिंह उर्फ शुभम भाठिया (28 वर्ष), निवासी कोष्टापारा, कोतरारोड, रायगढ़।
राकेश उर्फ गोलु महंत (25 वर्ष), निवासी सोनियानगर, कोतरारोड, रायगढ़।
सुनील दास महंत (27 वर्ष), निवासी सोनियानगर, कोतरारोड, रायगढ़।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

