दूरस्थ गांवों में पेयजल संकट हुआ दूर
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से बंद पड़े सोलर पंप हुए चालू, हजारों ग्रामीणों को मिली राहत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- सौरभ साहू
ओड़गी सहित जनजातीय अंचलों में नए मोटर पंपों की स्थापना और मरम्मत कार्य से बहाल हुई पेयजल व्यवस्था
सूरजपुर ACGN:- सूरजपुर जिले के दूरस्थ, पहाड़ी और जनजातीय क्षेत्रों में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से कई गांवों में बंद पड़ी पेयजल योजनाओं को पुनः शुरू किया गया है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा खराब सोलर पंपों की मरम्मत तथा नए मोटर पंपों की स्थापना कर हजारों ग्रामीणों को राहत पहुंचाई गई है।

ओड़गी विकासखंड सहित जिले के कई दूरस्थ गांवों में तकनीकी खराबी के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। ग्रामीणों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही थी, जिससे विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या की जानकारी मिलने पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में सुधार कार्य शुरू कराया।

ग्राम करौटी-ए के परसापारा, कोलुहा भाटपारा और बैजानपाठ में नए मोटर पंप स्थापित कर सोलर आधारित पेयजल योजनाओं को फिर से चालू किया गया। इसके अलावा भैयाथान विकासखंड के दतिमा आमापारा इंद्रावास, कसकेला औरापारा तथा सूरजपुर विकासखंड के लटोरी कुशवाहापारा और मंजीरा फुलवारपारा में खराब सोलर पंपों की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल की गई।
चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र के भाटपारा गांव में भी नया मोटर पंप स्थापित किया गया, जिससे लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान हुआ है। इस पहल से विशेष रूप से पंडो समुदाय के परिवारों को बड़ी राहत मिली है, जिन्हें अब स्वच्छ पेयजल के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर तक मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है तथा जहां भी समस्या सामने आ रही है वहां तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

पेयजल व्यवस्था बहाल होने के बाद ग्रामीणों ने राज्य सरकार, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें घर के पास ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। यह पहल ग्रामीण जीवन को आसान बनाने और जनजातीय अंचलों में जीवन स्तर सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

