कोटमीकला ज्वेलरी व्यवसायी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, एक और मुख्य आरोपी गिरफ्तार, लूट का माल बरामद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
झारखंड से दबोचा गया आरोपी, लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण और मोबाइल बरामद
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ACGN:- कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की हत्या एवं लूट के सनसनीखेज मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस ने अंतरराज्यीय समन्वय, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर घटना में शामिल एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिला पुलिस, जिला साइबर सेल जीपीएम तथा रेंज साइबर थाना बिलासपुर की संयुक्त टीम द्वारा लगातार जांच और डिजिटल ट्रैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान 3 जून 2026 को झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह क्षेत्र से आरोपी राहुल उर्फ मनीष मंडल (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी बिहार के बांका जिले के विजय नगर का निवासी है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्याकांड और लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके हिस्से में आए लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण, चार मोबाइल हैंडसेट, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन सहित अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री में बड़ी मात्रा में सोना-चांदी के आभूषण, 4 मोबाइल फोन तथा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन शामिल हैं। इन सामग्रियों को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा, रेंज साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक श्री प्रसाद मिश्रा, उप निरीक्षक अजय वारे, उप निरीक्षक सनत मात्रे, सहायक उप निरीक्षक मनोज हनोतिया सहित साइबर सेल एवं रेंज साइबर थाना की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है और जल्द ही मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
कोटमीकला में हुए इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था। अब एक और आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस जांच को महत्वपूर्ण बढ़त मिली है तथा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी जांच तेज कर दी गई है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

