पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन पर 94 उद्योगों को नोटिस, 3.03 करोड़ की क्षतिपूर्ति अधिरोपित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
रायपुर क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर सख्त कार्रवाई, वायु गुणवत्ता में भी दर्ज हुआ सुधार
संवाददाता :- अनादि पांडेय
रायपुर ACGN:- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने पर्यावरणीय मानकों के पालन को लेकर अपनी सख्त कार्रवाई का ब्यौरा जारी किया है। मंडल द्वारा रायपुर क्षेत्रांतर्गत संचालित उद्योगों की नियमित निगरानी करते हुए पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है।
मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा जनवरी 2025 से मई 2026 तक रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी, महासमुंद और गरियाबंद जिलों में संचालित उद्योगों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 94 उद्योगों को नोटिस जारी किए गए, जबकि 82 उद्योगों के उत्पादन बंद करने अथवा विद्युत विच्छेदन के निर्देश दिए गए।
प्रदूषण नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करने वाले 96 उद्योगों पर कुल 2 करोड़ 40 लाख 65 हजार 125 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई। वहीं बिना तारपोलिन ढंके कच्चे माल, उत्पाद एवं ठोस अपशिष्टों के परिवहन के मामलों में 136 उद्योगों एवं संस्थानों पर 51 लाख 2 हजार 323 रुपये की क्षतिपूर्ति लगाई गई। इसके अतिरिक्त फ्लाई ऐश के अनधिकृत परिवहन एवं डंपिंग के मामलों में दो उद्योगों पर 12 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई।
मंडल ने सिंगल-यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है। प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट नियमों के तहत एक उद्योग का उत्पादन बंद कराते हुए 87 हजार 500 रुपये की क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई तथा न्यायालय में परिवाद भी दायर किया गया। वहीं एक अन्य उद्योग पर 6 लाख 25 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति लगाते हुए उसका उत्पादन भी बंद कराया गया। दो अन्य उद्योगों के विरुद्ध भी इसी प्रकार की कार्रवाई की गई।
इधर, प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक असर रायपुर की वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई दिया है। वर्ष 2024 में रायपुर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 65.38 दर्ज किया गया था, जो वर्ष 2025 में घटकर 62.86 रह गया। इस प्रकार शहर की वायु गुणवत्ता में लगभग 4 प्रतिशत सुधार दर्ज किया गया है और यह संतोषजनक श्रेणी में बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। मंडल का कहना है कि स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने के लिए निगरानी एवं प्रवर्तन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

