सुशासन तिहार में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, कोदवामहंत को मिली विकास कार्यों की सौगात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
समाधान शिविर में विद्युत सब स्टेशन, पंचायत भवन, डिजिटल सुविधा केन्द्र और उपस्वास्थ्य केन्द्र निर्माण की घोषणा, हितग्राहियों को वितरित किए गए विभिन्न योजनाओं के लाभ
मुंगेली ACGN:- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार के तहत लोरमी विकासखंड के ग्राम कोदवामहंत में समाधान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन एवं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से लगभग 67 करोड़ रुपए की लागत से सड़क, पुल और पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। ग्राम कोदवामहंत में 61 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही ग्राम में विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की गई।

उपमुख्यमंत्री ने ग्राम बिठलदह में अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र के लिए 5 लाख रुपए, ग्राम ढोलगी में पंचायत भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए तथा ग्राम झझपुरीकला में उपस्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण के लिए 28.51 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की।


शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। एक दिव्यांग हितग्राही को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 10 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड अंतर्गत चेक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की 20 महिलाओं को सहायता राशि, दो हितग्राहियों को मत्स्य जाल, 40 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबी, 10 किसानों को फलदार पौधे, आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड, 93 हितग्राहियों को शौचालय स्वीकृति प्रमाण पत्र, 40 लोगों को राशन कार्ड, पांच हितग्राहियों को मनरेगा जॉब कार्ड, तीन बालिकाओं को नोनी सुरक्षा योजना का बॉन्ड, तीन बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र, तीन महिलाओं को सुपोषण टोकरी, 10 किसानों को अरहर मिनी किट, 20 श्रमिकों को श्रम कार्ड तथा 10 टीमों को क्रिकेट किट बैग एवं अन्य खेल सामग्री प्रदान कर लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनीता कोमल साहू, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

