कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा कर दिए महत्वपूर्ण निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सीएम हेल्पलाइन, स्वनिधि महोत्सव, पेयजल व्यवस्था, आवास निर्माण और शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियों पर विशेष जोर
कोरबा ACGN:- कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल एवं श्री ओंकार यादव, एसडीएम, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री दुदावत ने डिजिटल सिग्नेचर, नक्शा बटांकन, डिजिटल किसान किताब, मसाहती गांवों के सर्वे कार्य तथा वनाधिकार पट्टा नामांतरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए इनमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड निर्माण में प्रगति लाने तथा अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से जोड़ने के लिए कृषक चौपालों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल की कार्यप्रणाली पर विशेष चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अपनी प्रोफाइल अद्यतन करने तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनेगी, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बैनर, पोस्टर और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 30 जून तक आयोजित होने वाले स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण उत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष शिविरों का आयोजन कर पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त किए जाएं तथा उनका त्वरित निराकरण किया जाए। साथ ही स्ट्रीट वेंडरों और उनके मेधावी बच्चों का सम्मान कर उन्हें स्वच्छता एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया जाए।
बरसात के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों को नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा पेयजल स्रोतों का नियमित क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलभराव की स्थिति किसी भी क्षेत्र में उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
बैठक में प्रधानमंत्री जनमन एवं प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के तहत निर्माण कार्यों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव के दौरान बच्चों को गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकें वितरित की जाएं तथा जिन विद्यालयों में बाउंड्रीवाल उपलब्ध है वहां पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानवाधिकार आयोग, कलेक्टर जनदर्शन एवं सुशासन तिहार के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

