नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , ओवरस्पीडिंग व नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करें – कलेक्टर कुणाल दुदावत – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

ओवरस्पीडिंग व नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करें – कलेक्टर कुणाल दुदावत

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

कोरबा, छत्तीसगढ़

By ACGN 7647981711, 9303948009

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट सुधार, जागरूकता अभियान और कड़े प्रवर्तन पर जोर

कोरबा ACGN:- जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूरा करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।


बैठक में जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने झाड़ियों की नियमित सफाई, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त रोड शोल्डर की मरम्मत, रेडियमयुक्त संकेतक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर एवं रंबल स्ट्रिप निर्माण तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोयला एवं फ्लाई ऐश परिवहन मार्गों पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी छिड़काव करने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के गुरसिया घाट क्षेत्र में तीव्र मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष सुरक्षा उपाय करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने आवश्यक स्थानों पर क्रैश बैरियर, रंबल स्ट्रिप एवं रोड शोल्डर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
कलेक्टर ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाहन संचालन, नो पार्किंग में वाहन खड़े करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमित जांच एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों एवं कॉलेजों में व्यापक स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने शाला प्रवेश उत्सव के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियों को जोड़ने तथा वार्षिक कैलेंडर बनाकर नियमित कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। उन्होंने एनसीसी, स्काउट-गाइड तथा छात्र-छात्राओं की सहभागिता से हेलमेट रैली, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात जागरूकता अभियान की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं रूमगरा से बजरंग चौक मार्ग निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले, जिला परिवहन अधिकारी श्री अतुल कुमार असैय्या, एसडीएम कटघोरा श्री तन्मय खन्ना, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, पीडब्ल्यूडी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको तथा विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है तथा जनसहभागिता के माध्यम से सड़क सुरक्षा अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now