कोटमेर जनसमस्या निवारण शिविर में 200 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सुशासन तिहार के तहत 759 आवेदन प्राप्त, हितग्राहियों को वितरित किए गए राशन कार्ड, आवास की चाबियां और अन्य लाभ
कोरबा ACGN:- सुशासन तिहार के अंतर्गत विकासखंड करतला के ग्राम कोटमेर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अशोक बाई कँवर ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है, जिससे आम जनता को राहत मिल रही है।


जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री मनोज झा ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार की जनहितकारी सोच धरातल पर दिखाई दे रही है। अब ग्रामीणों को छोटे-बड़े कार्यों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण करने की अपील भी की।
जनपद पंचायत करतला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वैभव कौशिक ने बताया कि शिविर में कुल 759 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 200 आवेदनों का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया। शेष आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जाएगा।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम पंचायत डोंगाआमा, कोटमेर, मदवानी एवं नोनबिर्रा को टीबी मुक्त ग्राम घोषित किए जाने पर स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। खाद्य विभाग द्वारा 15 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों को नए आवास की चाबियां सौंपी गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आठ हितग्राहियों को फूड बास्केट का वितरण भी किया गया।

शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अधिक सरल और प्रभावी बनी है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

