हल्दीबाड़ी में कथित अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर विवाद, पूर्व पार्षद रेशम त्रिपाठी ने लगाए गंभीर आरोप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
एमसीबी, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
रूबी जॉर्ज की संपत्ति पर कब्जे और सार्वजनिक भूमि पर निर्माण का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
एमसीबी ACGN:- चिरमिरी के हल्दीबाड़ी टैक्सी स्टैंड के सामने स्थित एक संपत्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कांग्रेस नेत्री एवं वार्ड क्रमांक 13 की पूर्व पार्षद रेशम त्रिपाठी ने भाजपा नेता चंदन गुप्ता पर एक असहाय महिला की संपत्ति पर कथित अवैध कब्जा एवं निर्माण कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मीडिया से चर्चा करते हुए रेशम त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा नेता चंदन गुप्ता द्वारा होटल निर्माण के नाम पर निर्धारित भूमि सीमा से बाहर जाकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रूबी जॉर्ज की संपत्ति की दीवार तोड़कर उस पर कब्जा करने का प्रयास किया गया है। साथ ही सार्वजनिक नाले एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर भी निर्माण किए जाने का दावा किया गया है।
रेशम त्रिपाठी ने बताया कि संपत्ति स्वामिनी रूबी जॉर्ज वर्तमान में स्वास्थ्य कारणों से बाहर हैं और उनकी अनुपस्थिति में वह स्वयं संपत्ति की देखरेख कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भूमि से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं और रूबी जॉर्ज के वापस लौटने के बाद पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी।
पूर्व पार्षद ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। क्षेत्र के नागरिक भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
(नोट : यह समाचार शिकायतकर्ता एवं पूर्व पार्षद रेशम त्रिपाठी द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की प्रशासनिक जांच एवं संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना शेष है।)
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

