जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में 5 जून को चंद्रमेढ़ा में गूंजेगी सत्यनगर के विकास की आवाज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
सिरसी घाट पुलिया और टोनही अम्मा नवाडीह से सिरसी तक पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण होंगे एकजुट
सूरजपुर ACGN:- जिले के भैयाथान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सत्यनगर के ग्रामीण अपनी वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अब संगठित रूप से आवाज उठाने जा रहे हैं। जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में 5 जून 2026 को चंद्रमेढ़ा में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखेंगे। यह आयोजन प्रदेश सरकार के “सुशासन तिहार – अपनी मांग, सरकार के द्वार” अभियान के तहत प्रस्तावित है।
ग्रामीणों का कहना है कि सत्यनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाई है, जिसके कारण आज भी लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। क्षेत्र की सबसे प्रमुख मांग सिरसी घाट में पुलिया निर्माण तथा टोनही अम्मा नवाडीह से मुख्य मार्ग सिरसी तक पक्की सड़क निर्माण की है। ग्रामीणों का मानना है कि इन दोनों कार्यों के पूर्ण होने से हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में सिरसी घाट क्षेत्र में पुलिया नहीं होने के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। कई बार स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं टोनही अम्मा नवाडीह से सिरसी तक सड़क कच्ची होने के कारण वर्षभर धूल, कीचड़ और खराब मार्ग की समस्या बनी रहती है।
जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह ने कहा कि सत्यनगर क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अब समय आ गया है कि ग्रामीण अपनी जायज मांगों को एकजुट होकर शासन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सड़क, पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं और इन्हें उपलब्ध कराना शासन एवं प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे 5 जून को अधिक से अधिक संख्या में चंद्रमेढ़ा पहुंचकर क्षेत्र के विकास की इस मुहिम को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष का कार्यक्रम नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य का अभियान है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने तक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने का प्रयास जारी रहेगा। चंद्रमेढ़ा में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम सत्यनगर क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

