ऑपरेशन क्लीन हंट : ट्रेलर डकैतीकांड का फरार आरोपी कोरबा से गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
तमनार पुलिस की बड़ी सफलता, 10 माह से फरार वारंटी अजय गोस्वामी दबोचा गया
रायगढ़ ACGN:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत थाना तमनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बहुचर्चित हुंकराडीपा ट्रेलर लूटकांड में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी एवं वारंटी अजय गोस्वामी (32 वर्ष), निवासी कुसमुंडा जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अजय गोस्वामी अपने पिता, भाइयों एवं अन्य साथियों के साथ कुल नौ आरोपियों के गिरोह का सदस्य था, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से पांच ट्रेलर वाहनों की लूट की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रेलर वाहनों को ओडिशा ले जाकर छिपा दिया गया था। घटना के 24 घंटे के भीतर रायगढ़ पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अजय गोस्वामी और एक अन्य आरोपी फरार हो गए थे।
फरारी के दौरान आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया था, जिसके आधार पर गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। थाना तमनार पुलिस ने आरोपी की तलाश में पूर्व में दो बार उसके निवास स्थान पर दबिश भी दी थी, लेकिन वह पुलिस को लगातार चकमा देता रहा।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर से आरोपी के अपने गांव आने की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल कोरबा रवाना हुई और उसके घर से आरोपी को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
गौरतलब है कि 18 अगस्त 2025 को प्रार्थी संजय पटेल निवासी रायगढ़ ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने एसबीआई कोरबा शाखा से नीलामी में चार ट्रेलर वाहन खरीदे थे, जो सुगोई ट्रांसपोर्ट में संचालित थे। उसी रात तमनार क्षेत्र के हुंकराडीपा के पास अज्ञात बदमाशों ने एक ट्रेलर वाहन को लूट लिया तथा चालक एवं अन्य ड्राइवरों के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए थे।
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना का मुख्य षड्यंत्रकारी ट्रेलरों का पूर्व मालिक अमन गोस्वामी था। थाना तमनार में अपराध क्रमांक 170/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई थी। पुलिस टीम ने रायगढ़ सहित ओडिशा में दबिश देकर हमीरपुर क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप के समीप खेत में छिपाकर रखे गए चारों ट्रेलर बरामद किए थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी स्विफ्ट डिजायर कार एवं कैम्पर वाहन में सवार होकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। घटना में पांच से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर गंभीर धाराएं भी जोड़ी गई थीं।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चार ट्रेलर वाहन, चार मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार सहित कुल 1 करोड़ 56 लाख 24 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की थी। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत एवं आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार की सराहनीय भूमिका रही।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

