नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , सीएम हेल्पलाइन 1076 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

सीएम हेल्पलाइन 1076 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

रायपुर, छत्तीसगढ़

By ACGN 7647981711, 9303948009

संवाददाता :- अनादि पांडेय

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनेगी जनसमस्याओं के समाधान का मंच, समय-सीमा में शिकायत निराकरण करने जवाबदेह होंगे अधिकारी

रायपुर ACGN:- कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के संचालन, शिकायतों के पंजीयन तथा उनके समयबद्ध निराकरण की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सचिव, माननीय मुख्यमंत्री श्री राहुल भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे फोन, वेबसाइट एवं व्हाट्सएप के माध्यम से सीधे शासन तक अपनी बात पहुंचा सकेंगे।


श्री भगत ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जल्द ही प्रदेशभर में शुरू होने जा रही है और इसके लिए प्रशिक्षण का अंतिम चरण चल रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े जिलों में शिकायतों की संख्या अधिक होने की संभावना रहती है, इसलिए अधिकारियों को शिकायतों के बेहतर प्रबंधन एवं त्वरित निराकरण के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन केवल शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था नहीं बल्कि जनता का विश्वास जीतने और सुशासन को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।


उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में विभिन्न प्रकार की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए लगभग 1200 शिकायत श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। विभागवार शिकायतों के आधार पर इनका वर्गीकरण किया गया है तथा करीब 8 हजार अधिकारियों की मैपिंग की गई है, ताकि प्राप्त शिकायतें सीधे संबंधित अधिकारी तक पहुंच सकें और उनका शीघ्र निराकरण हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान सुशासन एवं अभिसरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी श्री अशोक चौबे एवं श्री अनुराग दीवान ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की संपूर्ण कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने शिकायत पंजीयन, पोर्टल संचालन, समय-सीमा के भीतर शिकायतों के निराकरण तथा अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया।


प्रशिक्षकों ने बताया कि शिकायतों के निराकरण के लिए एल-1 से एल-4 तक चार स्तरीय व्यवस्था बनाई गई है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का नोडल विभाग सुशासन एवं अभिसरण विभाग होगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि सूचना के अधिकार, मांग संबंधी प्रकरण, विभागीय स्थापना से जुड़े अधिकांश मामले तथा केंद्र सरकार से संबंधित विषय इस व्यवस्था के अंतर्गत शामिल नहीं होंगे।
अधिकारियों को बताया गया कि आम नागरिक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076, वेबसाइट एवं व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों के पंजीयन एवं मार्गदर्शन के लिए कॉल सेंटर 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगा। शिकायत दर्ज कराने के लिए आवेदक का मोबाइल नंबर अनिवार्य होगा।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन इस दिशा में एक प्रभावी व्यवस्था साबित होगी।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सचिव मुख्यमंत्री श्री राहुल भगत को रायपुर जिले में संचालित कलेक्टर कॉल सेंटर का अवलोकन भी कराया। श्री भगत ने कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं एवं शिकायत निवारण व्यवस्था की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा जिला हेल्पलाइन “कलेक्टर कॉल सेंटर” संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज कर त्वरित समाधान प्राप्त कर सकते हैं। नागरिक मोबाइल नंबर 9977222564, 9977222574, 9977222584 एवं 9977222594 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, एडीएम श्री उमाशंकर बंदे, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर, अपर कलेक्टर श्री नवीन ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now