सुशासन तिहार में डोंगानाला बना विकास और जनसमस्या समाधान का बड़ा मंच, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दी 159 करोड़ से अधिक की विकास सौगात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान अब गांव के द्वार पर ही : उपमुख्यमंत्री अरुण साव
डोंगानाला शिविर में 1552 आवेदन, 547 का मौके पर निराकरण, अनेक योजनाओं का हुआ लाभ वितरण
कोरबा ACGN:- प्रदेश में चल रहे सुशासन तिहार के अंतर्गत विकासखंड पाली के ग्राम डोंगानाला में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर ने ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की पहुंच और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है। इस शिविर में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने क्षेत्र को 159 करोड़ 63 लाख 14 हजार रुपये से अधिक के 18 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी।

कार्यक्रम में 153 करोड़ 66 लाख 61 हजार रुपये के 8 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 5 करोड़ 96 लाख 53 हजार रुपये के 10 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में सड़क, भवन, शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाएं बनाना नहीं बल्कि उन्हें जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं, किसानों को दो वर्षों का बकाया धान बोनस प्रदान किया गया है, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की जा रही है तथा महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, इसलिए सुशासन तिहार के माध्यम से अधिकारी और जनप्रतिनिधि स्वयं गांव-गांव जाकर जनता की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका समाधान कर रहे हैं। इससे न केवल प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ी है बल्कि जनता और शासन के बीच विश्वास भी मजबूत हुआ है। उन्होंने मंच से क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा भी की, जिसमें मुनगाडीह और दमिया में स्कूल भवन निर्माण, दमिया में आंगनबाड़ी भवन, पाली के स्वामी आत्मानंद विद्यालय के लिए 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति, डोंगानाला पंचायत भवन हेतु 20 लाख रुपये, नहर मरम्मत कार्य, चाकाबुड़ा में कोनार नाला और कोराई नाला पर नए पुल निर्माण, विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड निर्माण सहित कई अन्य विकास कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार जनता के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा मुफ्त राशन, नल जल योजना, शौचालय निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने डीएमएफ मद से हो रहे विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

विधायक पाली-तानाखार श्री तुलेश्वर मरकाम ने कहा कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आते हैं, जहां उन्हें एक ही स्थान पर सभी विभागों की सेवाएं मिल जाती हैं। उन्होंने कहा कि पाली तानाखार क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है और डीएमएफ मद से लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जानकारी दी कि शासन की मंशा के अनुसार प्रशासन लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर रहा है ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान उनके ही क्षेत्र में हो सके। उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है और शेष आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

इस शिविर में कुल 1552 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 547 आवेदनों का तत्काल समाधान किया गया। शेष आवेदनों की जांच कर शीघ्र निराकरण की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किया गया, जिसमें स्वयं सहायता समूह को 10 लाख रुपये का ऋण, कृषि उपकरण, राशन कार्ड, पेंशन स्वीकृति, डिजिटल किसान किताब, वन अधिकार पत्र, छात्रवृत्ति और अन्य योजनाओं का लाभ शामिल रहा।

कार्यक्रम का सबसे मानवीय और भावुक क्षण उस समय देखने को मिला जब ग्राम मादन निवासी दिव्यांग युवक कपिल अपनी ट्राइसाइकिल की मांग लेकर शिविर में पहुंचा। उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव की नजर जैसे ही उस पर पड़ी, वे तुरंत मंच से उतरकर उसके पास पहुंचे और उसकी समस्या को गंभीरता से सुना।

अधिकारियों को तत्काल निर्देश देने के बाद कुछ ही समय में कपिल को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। ट्राइसाइकिल मिलने पर कपिल भावुक हो गया और उसने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उसका जीवन पहले से अधिक सरल हो जाएगा।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्य करना ही नहीं बल्कि हर जरूरतमंद व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना भी है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार इसी सोच का परिणाम है, जहां शासन स्वयं जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है।

इस अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

