सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुंचे कोण्डापल्ली, चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बीजापुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
ग्रामीणों से आत्मीय संवाद, योजनाओं के लाभ का किया वितरण, सरकार गांव-गांव पहुंचकर कर रही समस्याओं का समाधान
बीजापुर ACGN:- प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज बीजापुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम कोण्डापल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने जनचौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि सुशासन तिहार केवल एक प्रशासनिक अभियान नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी नागरिक को अपने अधिकारों और सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े।
जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों को वन अधिकार मान्यता पत्र, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रम कार्ड सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरित किए। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त सभी आवेदनों और शिकायतों का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी मानी जाएगी जब उसका लाभ पात्र व्यक्ति तक सही समय पर पहुंचे और जनता को शासन की संवेदनशीलता का प्रत्यक्ष अनुभव हो।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा क्षेत्र के समग्र विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई धारा पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुशासन तिहार के माध्यम से शासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है, जिससे जनता का विश्वास शासन के प्रति और अधिक मजबूत हो रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव श्री रजत बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

